वाहन चालक नाराज
टोल वसूली का विरोध
हुब्बल्ली. शिवमोग्गा और तडस के बीच उच्च गुणवत्ता वाला राज्य राजमार्ग निर्मित होने से वाहन चालक खुश हुए हैं। अब इस सडक़ पर टोल वसूलने की तैयारी चल रही है। अधिकारियों ने बताया कि टोल बूथ का निर्माण कार्य चल रहा है और 15 दिन में टोल वसूली शुरू हो जाएगी। टोल वसूली का विरोध किया गया है।
कर्नाटक लोक निर्माण विभाग से संबद्ध कर्नाटक राज्य राजमार्ग सुधार परियोजना (केशिप) के माध्यम से शिवमोग्गा-तडस (राज्य राजमार्ग-57) के बीच राजमार्ग का निर्माण किया गया है। इस मार्ग पर हानगल के बाहर हुब्बल्ली-गदग मार्ग पर यात्रा करते समय अब टोल देना होगा। इस राजमार्ग पर तीन टोल बूथ चालू होंगे।
हानगल से हुब्बल्ली और गदग जाने वाले वाहन चालकों को बंकापुर क्रॉस पर टोल देना होगा। इसके लिए करगुदरी में एक टोल बूथ का निर्माण किया जा रहा है। सडक़ पर दो और टोल बूथों का निर्माण कार्य एक महीने से चल रहा है और अब यह अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है।
वाहन चालकों में गुस्सा
शिवमोग्गा और तड़स के बीच राजमार्ग पर टोल वसूलने के मुद्दे को लेकर कई लोगों को जानकारी नहीं थी। अब अधिकारियों ने कहा है कि वे 15 दिनों में टोल वसूली शुरू कर देंगे, जिससे वाहन चालक गुस्से में हैं।
संगठनों के साथ मिलकर विरोध करेंगे
भाजपा ओबीसी युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष भोजराज करूदी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण राजमार्ग का निर्माण किया गया है परन्तु टोल वसूली से पहले प्रकाशन के माध्यम से जानकारी देनी चाहिए। 2019 में बनकर तैयार हुई सडक़ पर अब टोल वसूली क्यों शुरू की जा रही है? इस टोल वसूली में किसी नियम का पालन नहीं किया गया है। हम टोल वसूली का विरोध करते हैं। अगर अधिकारी टोल वसूली शुरू करेंगे तो हम संगठनों के साथ मिलकर विरोध करेंगे।
टोल वसूलने की तैयारी
जानकारी के अनुसार, 2019 में इस सडक़ का निर्माण पूरा होने के तुरंत बाद टोल वसूली के लिए निविदा आमंत्रित की गई थी परन्तु जितना सरकार ने बताया था उतना टोल संग्रह नहीं होने के कारण किसी भी कंपनी ने इसमें रुचि नहीं दिखाई और निविदा में भाग नहीं लिया था। अब दावणगेरे स्थित एक कंपनी ने इस निविदा को प्राप्त किया है। इसके चलते तत्काल टोल बूथ बनाने और वाहन चालकों से टोल वसूलने की तैयारी चल रही है। ऐसी अफवाहें हैं कि 3 करोड़ रुपए प्रति वर्ष की निविदा मिला है।
सांसद राघवेंद्र ने जिला प्रशासन को इसे रोकने का निर्देश दिया था
शिवमोग्गा और तड़स के बीच राज्य राजमार्ग-57 शिवमोग्गा-शिकारीपुर-शिरालकोप्पा-तड़स से होकर गुजरता है। 2019 में, कर्नाटक लोक निर्माण विभाग ने शिवमोग्गा जिले की सीमा के भीतर दो बिंदुओं पर इस सडक़ पर टोल वसूलने का प्रस्ताव रखा था। तत्कालीन शिवमोग्गा सांसद बीवाई राघवेंद्र ने जिला प्रशासन को इसे रोकने का निर्देश दिया था।
तीन स्थानों पर टोल शुल्क देना पड़ेगा
अब फिर से टोल वसूली की बात सुनाई दे रही हैं। वर्तमान जानकारी के अनुसार, कारों के लिए 30 रुपए, मालवाहक वाहनों के लिए 50 रुपए तथा ट्रकों और बसों के लिए 100 रुपए टोल शुल्क निर्धारित किया गया है। 60 किमी. के लिए के एक हिसाब से शिवमोग्गा और तडस के बीच वाहन चालकों को तीन स्थानों पर टोल शुल्क देना पड़ेगा।