जिलाधिकारी दिव्य प्रभु ने की अपील
हुब्बल्ली. जिलाधिकारी एवं जिला समन्वय समिति अध्यक्ष दिव्य प्रभु ने धारवाड़ जिले में 22 सितम्बर से शुरू होने वाले पिछड़ा वर्ग सामाजिक और शैक्षणिक सर्वेक्षण में प्रत्येक परिवार को भागीदारी सुनिश्चित करने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सर्वेक्षण के लिए जिले और तालुक स्तर पर सर्वेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जिन घरों का सर्वेक्षण होना है, उनके दरवाजों पर पहले ही स्टिकर लगाकर पहचान की जा चुकी है। सर्वेक्षण समाप्त होने तक स्टिकर नहीं हटाना है।
सर्वेक्षक घर आने पर परिवार के सभी सदस्यों से शिक्षा, रोजगार और सुविधाओं संबंधी जानकारी लेंगे। परिवार के पास राशन कार्ड या आधार कार्ड अनिवार्य रूप से दिखाना होगा। यदि एक घर में एक से अधिक राशन कार्ड हैं, तो प्रत्येक कार्ड को अलग परिवार मानकर सर्वेक्षण किया जाएगा।
जिले में लगभग 5,46,012 परिवारों का सर्वेक्षण किया जाएगा। एक सर्वेक्षक अधिकतम 150 परिवारों से जानकारी संग्रह करेगा। 4,880 गणनाकार 22 सितम्बर से 7 अक्तूबर तक सर्वेक्षण पूरा करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस सर्वेक्षण से सरकार को मूलभूत सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों की पहचान कर योजनाओं को लागू करने में मदद मिलेगी।

