मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन, 22 करोड़ रुपए की अनुदान योजना प्रस्तावित
मंत्री जमीर अहमद खान ने दी जानकारी
होसपेट (विजयनगर). जिले के प्रभारी मंत्री बीजेड जमीर अहमद खान ने कहा कि विश्व धरोहर स्थल हम्पी में आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित हम्पी उत्सव-2026 इस वर्ष 13, 14 और 15 फरवरी को तीन दिनों तक भव्य पैमाने पर मनाया जाएगा।
लोगो जारी, तैयारियों की रूपरेखा
होसपेट में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री जमीर अहमद खान ने उत्सव का आधिकारिक लोगो जारी करते हुए तैयारियों की रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि 13 फरवरी की शाम मुख्यमंत्री स्वयं उत्सव का औपचारिक उद्घाटन करेंगे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी।
22 करोड़ रुपए अनुदान का प्रस्ताव
मंत्री जमीर अहमद खान ने कहा कि इस बार उत्सव को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए 22 करोड़ रुपए की अनुदान राशि का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 16 करोड़ रुपए का अनुदान स्वीकृत किया गया था।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नामचीन कलाकारों को आमंत्रित करने तथा कार्यक्रमों की अंतिम सूची तय की जाएगी।
स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता
मंत्री ने स्पष्ट किया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी स्थानीय कलाकारों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, उत्सव के दौरान पर्यटकों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
तीसरा हम्पी उत्सव
उन्होंने कहा कि जिला प्रभारी मंत्री के रूप में यह उनका तीसरा हम्पी उत्सव है। इससे पहले दो उत्सव सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं और इस बार इसे और भी व्यापक एवं यादगार बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर सांसद ई. तुकाराम, विधायक लता मल्लिकार्जुन, गणेश, एनआर भरत रेड्डी, होसपेट शहरी विकास प्राधिकरण अध्यक्ष एचएनएफ इमाम नियाजी, जिलाधिकारी कविता एस. मन्निकेरी, सीईओ नोंग्जॉय मोहम्मद अली अकरम शाह, पुलिस अधीक्षक एस. जाह्नवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

