महिला-बाल सुरक्षा के लिए राज्य सरकार की अभिनव पहल
विजयपुर. महिला और बच्चों की सुरक्षा, गरिमा तथा सशक्तिकरण के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से लागू की गई अक्का पडे योजना के अंतर्गत मोबाइल वाहन को बृहद एवं मध्यम उद्योग, आधारभूत संरचना विकास तथा जिला प्रभारी मंत्री एम.बी. पाटील ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक विठ्ठल कटकधोंड, अशोक मनगूळी, सांसद रमेश जिगजिणगी, जिलाधिकारी डॉ. आनंद के., सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निम्बरगी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जानकारी देते हुए कहा कि अक्का पडे योजना पूरे राज्य में लागू की गई है। यह योजना महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस विभाग के समन्वय से संचालित हो रही है। जिले में अक्का पडे के कर्मचारी दो पालियों में कार्यरत हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य संकटग्रस्त और जोखिम में रह रही कमजोर महिलाओं व बच्चों को शोषण और अत्याचार की स्थिति में तत्काल सुरक्षा प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से इस अभिनव योजना को राज्यव्यापी स्तर पर प्रारंभ किया जा चुका है। सहानुभूति और सामुदायिक सेवा की भावना के साथ काम करने वाली अक्का पडे टीम समाज में एक संवेदनशील सुरक्षा इकाई और शैक्षणिक सशक्तिकरण मंच के रूप में भी कार्य करेगी। इसके अंतर्गत स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, शिक्षा का महत्व, आत्मविश्वास निर्माण, बाल विवाह की रोकथाम, पॉक्सो अधिनियम, विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।
विजयपुर शहर के साप्ताहिक बाजारों, मंदिरों, मेलों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश अक्का पडे कर्मचारियों को दिए गए हैं। इस योजना के लिए विशेष वाहन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसमें पुलिस विभाग का एक चालक और एक महिला पुलिस कांस्टेबल तैनात रहेंगी।
यह पहल महिलाओं और बच्चों के लिए भयमुक्त वातावरण निर्माण की दिशा में राज्य सरकार का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण अधिकारी दीपाक्षी जानकी, पुलिस निरीक्षक विठ्ठल कोकटनूर, जिला मिशन समन्वयक भारती होन्नल्ली तथा अक्का पडे के कर्मचारी उपस्थित थे।
यह जानकारी महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी दीपा काले ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

