मंत्री डॉ. शरणप्रकाश पाटील ने दिए जांच के निर्देश
ब्रिम्स का किया निरीक्षण, सुधार के लिए बजट और संसाधन देने का आश्वासन
बीदर. ब्रिम्स अस्पताल में मरीजों को अवधि समाप्त दवाइयां दिए जाने की मीडिया रिपोट्र्स के बाद चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. शरणप्रकाश पाटील ने अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि ब्रिम्स में मौजूद समस्याओं और कमियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। अस्पताल अधीक्षक से चर्चा कर आवश्यकताओं की पहचान की जा रही है और अगले वित्तीय वर्ष के बजट में ब्रिम्स को विशेष अनुदान देने की योजना है।
डॉ. पाटील ने कहा कि ‘डी’ ग्रुप कर्मचारियों का वेतन दिसंबर तक भुगतान किया जा चुका है। अतिरिक्त संविदात्मक भर्ती के कारण वेतन भुगतान में आई बाधा को वित्त विभाग के संज्ञान में लाकर दूर किया गया है। कुछ चिकित्सकों के बकाया वेतन का भुगतान भी निर्देशित किया गया है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वेतन भुगतान में बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि ब्रिम्स में जल्द व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे। कैथ लैब तैयार है और इसके संचालन के लिए कलबुर्गी स्थित जयदेव हृदय रोग अस्पताल के साथ समझौता किया जाएगा। साथ ही त्वरित चिकित्सा ऑपरेशन थिएटर की मरम्मत और भूमिगत में पानी रिसाव की समस्या के समाधान के लिए इंजीनियरों को तत्काल निर्देश दिए गए हैं।

