"नई सोच को अपनाएं" : डॉ. प्रसाद का आह्वानकेएलई सोसाइटी के पी.सी. जाबिन विज्ञान महाविद्यालय के बीसीए विभाग की ओर से आयोजित वार्षिक राष्ट्रीय स्तरीय आईटी उत्सव ‘अक्यूमेन-2026’ के समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करते हुए स्वर्ण समूह के अध्यक्ष डॉ. चिगरुपाटी वी.एस.वी. प्रसाद।

केएलई बीसीए के ‘अक्यूमेन-2026’ में विद्यार्थियों को नवाचार और नेतृत्व का संदेश

हुब्बल्ली. केएलई सोसाइटी के पी.सी. जाबिन विज्ञान महाविद्यालय के बीसीए विभाग की ओर से आयोजित वार्षिक राष्ट्रीय स्तरीय आईटी उत्सव ‘अक्यूमेन-2026’ के समापन समारोह में स्वर्ण समूह के अध्यक्ष एवं हुब्बल्ली के प्रसिद्ध उद्योगपति डॉ. चिगरुपाटी वी.एस.वी. प्रसाद ने विद्यार्थियों को नई सोच अपनाने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. प्रसाद ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के वर्तमान दौर में बीसीए विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ कौशल विकास, सृजनशीलता और नेतृत्व क्षमता को विकसित करना समय की मांग है। इस प्रकार के आईटी उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान का विकास होता है।

उन्होंने कहा कि आज अनेक बहुराष्ट्रीय और बड़ी कंपनियां कर्मचारियों की संख्या में कटौती कर रही हैं। ऐसे परिवेश में युवाओं को केवल नौकरी की तलाश करने के बजाय उद्यमिता की ओर अग्रसर होना चाहिए। नई सोच को आत्मसात कर, देश के अन्नदाताओं और समाज के हित में नवाचार करना चाहिए तथा स्वयं रोजगार सृजक बनना चाहिए।

डॉ. प्रसाद ने कहा कि सांस्कृतिक और प्रबंधन संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी से विद्यार्थियों में संगठन क्षमता, टीम वर्क और नेतृत्व के गुण विकसित होते हैं, जो भविष्य में उन्हें प्रतिस्पर्धी दुनिया में आगे बढऩे में सहायक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए कुल 37 महाविद्यालयों के लगभग 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अनेक तकनीकी और गैर-तकनीकी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजेताओं को स्वर्ण ग्रुप के प्रायोजन से 5,000 रुपए मूल्य के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संध्या कुलकर्णी, बीसीए समन्वयक सिद्धलिंगप्पा, शिवराज, पूर्णिमा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मंचासीन थे। आयोजन को विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अत्यंत सफल और प्रेरणादायी बताया।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *