होली पर बच्चों से लेकर युवाओं तक ने जमकर खेला रंग
बाजार रहे बंद
इलकल. बागलकोट जिले के इलकल शहर में बुधवार को होली के अवसर पर रंगोत्सव पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह करीब आठ बजे से ही बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग रंग-गुलाल लेकर घरों से निकल पड़े और मित्रों, पड़ोसियों व परिचितों को रंग लगाकर पर्व का आनंद लिया।
शहर की गलियों में युवाओं और बच्चों ने चंग बजाते हुए जुलूस निकाले और एक-दूसरे को रंगों से सराबोर किया। कुछ युवक बाइक पर सवार होकर हो-हल्ला करते हुए इधर-उधर घूमते नजर आए।
मारवाड़ी समाज के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक रंगोत्सव मनाया। समाज के सदस्य एक-दूसरे के घर जाकर उन्हें बाहर बुलाते और रंग लगाकर पर्व की शुभकामनाएं देते दिखाई दिए। ‘अपना दोस्ताना कंपनी’ के युवाओं की ओर से शहर के एक बगीचे में विशेष रंगोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मारवाड़ी समाज के बालक-बालिकाएं, युवा, पुरुष एवं महिलाएं शामिल हुए।
रंगोत्सव के कारण शहर का बाजार बंद रहा और अधिकांश दुकानों के शटर नीचे रहे। पूरे नगर में उत्सवी माहौल बना रहा। इलकल में परंपरा के अनुसार दो दिन रंग खेला जाता है, हालांकि दूसरे दिन सीमित लोग ही रंगोत्सव में भाग लेते हैं। कई परिवार आसपास के दर्शनीय स्थलों पर पिकनिक मनाने भी जाते हैं।

