पडील जंक्शन के पास हादसा, चालक घायल
पास ही लगा था बिजली का ट्रांसफॉर्मर, टला बड़ा हादसा
मेंगलूरु। राष्ट्रीय राजमार्ग-73 पर शहर के पडील इलाके में रविवार रात चीनी से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। ट्रक पलटने से उसमें लदी चीनी की बोरियां सडक़ पर बिखर गईं।
पुलिस के अनुसार, ट्रक मेंगलूरु से बेंगलूरु की ओर जा रहा था। पडील जंक्शन की ओर से ढलान पर उतरते समय चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रक सडक़ के बाईं ओर पलट गया।
ट्रांसफॉर्मर से टकराता तो हो सकता था बड़ा हादसा
हादसे वाली जगह के बिल्कुल पास बिजली का ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ था। यदि ट्रक कुछ और दूरी तक बाईं ओर खिसकता तो ट्रांसफॉर्मर से टकराने की आशंका थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही कंकनाडी नगर पुलिस और दक्षिण यातायात पुलिस थाने के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।
कुछ देर प्रभावित रहा यातायात
ट्रक पलटने और चीनी की बोरियां सडक़ पर फैलने से पडील जंक्शन के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए हल्का यातायात जाम लग गया। बाद में पुलिस ने स्थिति संभाली।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
