इंस्टाग्राम पर दिखे ज्योतिषालय के विज्ञापन से शुरू हुई ठगी
साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
शिवमोग्गा. सोशल मीडिया पर दिखे ज्योतिष संबंधी विज्ञापन पर भरोसा करना एक युवती को महंगा पड़ गया। मां की बीमारी का समाधान मिलने की उम्मीद में संपर्क करने वाली युवती से कथित तौर पर डर का माहौल बनाकर 1.84 लाख रुपए से अधिक की ठगी कर ली गई। मामले में शहर के साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मां की बीमारी के कारण किया था संपर्क
पुलिस के अनुसार, युवती को इंस्टाग्राम पर सिगंदूर चौडेश्वरी ज्योतिषालय का एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें एक मोबाइल नंबर और नाम भी दिया गया था। मां की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान युवती ने समाधान की उम्मीद में उस नंबर पर संपर्क किया।
पहले 501 रुपए, फिर तंत्र-मंत्र का भय
फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने पहले 501 रुपए की दक्षिणा ऑनलाइन भेजने को कहा। इसके बाद उसने दोबारा फोन कर दावा किया कि युवती की मां पर किसी ने तंत्र-मंत्र कराया है और यदि तत्काल विशेष पूजा नहीं कराई गई तो उनकी जान को खतरा हो सकता है। इस बहाने उसने 25 हजार रुपए की मांग की, जिसे युवती ने फोन-पे के माध्यम से भेज दिया।
नकली पूजा की तस्वीरें भेजकर ठगे लाखों रुपए
आरोप है कि कथित गुरुजी ने बाद में व्हाट्सऐप पर युवती और उसकी मां की तस्वीरें मंगवाईं और पूजा किए जाने की फर्जी तस्वीरें भेजकर विश्वास दिलाया। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों के जरिए चरणबद्ध तरीके से कुल 1,84,302 रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीडि़ता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा संबंधित मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित ऐसे विज्ञापनों और अंधविश्वास फैलाने वाले दावों से सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार का भुगतान करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
