अमेजन का भारत पर बड़ा दांव, 48 अरब डॉलर निवेश की घोषणा

‘अमेजन नाउ’ सेवा 300 शहरों तक पहुंचेगी

डिलीवरी कर्मियों के लिए ‘सम्मान’ कल्याण योजना भी शुरू

मुंबई। ई-कॉमर्स क्षेत्र की वैश्विक दिग्गज अमेजन (Amazon) ने भारत में अपने निवेश और विस्तार की महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया है। कंपनी ने वर्ष 2030 तक भारत में कुल 48 अरब डॉलर निवेश करने की घोषणा की है। इस निवेश का बड़ा हिस्सा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), क्लाउड अवसंरचना तथा त्वरित डिलीवरी नेटवर्क के विस्तार पर खर्च किया जाएगा।

इसी क्रम में अमेजन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एंडी जेसी भारत दौरे पर मुंबई पहुंचे और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। उन्होंने मुंबई स्थित ‘अमेजन नाउ’ माइक्रो-फुलफिलमेंट केंद्र का भी निरीक्षण किया।

300 शहरों तक पहुंचेगी ‘अमेजन नाउ’ सेवा

कंपनी ने अपनी त्वरित डिलीवरी सेवा ‘अमेजन नाउ’ का विस्तार देश के 300 से अधिक शहरों में करने की घोषणा की है। वर्तमान में यह सेवा बेंगलूरु, दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, पुणे और कोच्चि सहित 15 से अधिक प्रमुख शहरों में उपलब्ध है।

इस सेवा के माध्यम से ग्राहक फल-सब्जियां, किराना सामग्री, व्यक्तिगत उपयोग के उत्पाद, फैशन एवं ब्यूटी आइटम तथा घरेलू जरूरत की वस्तुएं कुछ ही मिनटों में प्राप्त कर सकेंगे। कंपनी के अनुसार, इस सेवा की मांग लगातार बढ़ रही है और प्रत्येक तिमाही में ऑर्डरों की संख्या लगभग दोगुनी हो रही है।

डिलीवरी कर्मियों के लिए ‘सम्मान’ योजना

तेजी से बढ़ते कारोबार के साथ अमेजन ने डिलीवरी सहयोगियों के कल्याण के लिए ‘सम्मान’ नामक विशेष योजना भी शुरू की है। इसके तहत बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा सुविधाएं, सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता प्रदान की जाएगी।

‘आश्रय’ केंद्रों की स्थापना

कंपनी देशभर में 250 ‘आश्रय’ विश्राम केंद्र स्थापित करेगी, जहां डिलीवरी कर्मी आराम कर सकेंगे। विशेष बात यह है कि इन केंद्रों का उपयोग केवल अमेजन ही नहीं, बल्कि अन्य कंपनियों के डिलीवरी कर्मी भी कर सकेंगे।

300 शहरों तक विस्तारित किया जा रहा है

“अमेजन नाउ हमारे इतिहास का सबसे तेजी से बढ़ने वाला व्यवसाय है। ग्राहकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए इसे 300 शहरों तक विस्तारित किया जा रहा है। हमारे डिलीवरी सहयोगियों की मेहनत ही हमारी सफलता की आधारशिला है।”
समीर कुमार, प्रबंधक, अमेजन इंडिया

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *