राबकोवी दुग्ध संघ में बड़ा खुलासा, कर्मचारी के परिजनों के खाते में पहुंची बीमा राशि
बल्लारी। रायचूर, बल्लारी, कोप्पल और विजयनगर जिलों के राबकोवी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ में मवेशी बीमा राशि के कथित गबन का बड़ा मामला सामने आया है। वर्ष 2023 से 2025 के बीच मृत 350 पशुओं के करीब 45 लाख रुपए के बीमा दावे किसानों तक पहुंचने के बजाय एक कर्मचारी के परिजनों के बैंक खातों में जमा किए जाने का आरोप लगा है। मामले की जांच के लिए उपसमिति गठित कर दी गई है।
किसानों की शिकायत से खुला मामला
राबकोवी संघ के अंतर्गत 928 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियां कार्यरत हैं। पशुओं की मृत्यु पर किसानों को आर्थिक राहत देने के लिए 60 प्रतिशत प्रीमियम संघ और 40 प्रतिशत किसान वहन करते हैं। 30 जून 2026 को आयोजित संघ की बैठक में हगरीबोम्मनहल्ली, हरपनहल्ली, कुष्टगी और यलबुर्गा के किसानों ने बीमा राशि नहीं मिलने की शिकायत की। जांच में प्रारंभिक तौर पर बीमा राशि के दुरुपयोग की आशंका सामने आई।
उपसमिति करेगी जांच
संघ के उपाध्यक्ष सत्यनारायण की अध्यक्षता में चार निदेशकों और चार अधिकारियों की जांच समिति गठित की गई है। समिति बीमा कंपनी से प्राप्त भुगतान, धन हस्तांतरण और अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका सहित सभी पहलुओं की जांच करेगी। 15 अगस्त तक रिपोर्ट सौंपे जाने की संभावना है।
अब सीधे किसानों के खाते में बीमा राशि
बीमा राशि में गड़बड़ी सामने आने के बाद वर्ष 2025 से व्यवस्था बदल दी गई है। अब बीमा कंपनियां मृत पशुओं की बीमा राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा कर रही हैं।
संघ के अध्यक्ष राघवेंद्र हिटनाल ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसानों को न्याय दिलाया जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

