महिला कर्मचारी के बैंक खातों का दुरुपयोग कर देशभर में करोड़ों की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा
शिवमोग्गा. साइबर ठगों द्वारा बैंक खातों का दुरुपयोग कर बड़ी रकम की ठगी करने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामले में एक गारमेंट कंपनी की महिला कर्मचारी के बैंक खातों का इस्तेमाल कर 32 लाख 43 हजार रुपए से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, साई गारमेंट्स में कार्यरत महिला कर्मचारी को झांसे में लेकर आरोपी ने उसके बैंक खाते हासिल कर लिए और उन्हें “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल किया। जांच में पता चला कि इन खातों के जरिए देशभर में दर्ज 18 साइबर ठगी मामलों में 4 करोड़ रुपए से अधिक की रकम का लेनदेन किया गया।
ठगी का पता चलने पर पीडि़ता ने शिवमोग्गा साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आईटी एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्नओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने बेंगलूरु के एचएएल एयरपोर्ट क्षेत्र के पास रहने वाले अंकित (34) नामक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से चार एटीएम कार्ड और चार म्यूल बैंक खाते जब्त किए गए हैं। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
शिवमोग्गा जिला पुलिस ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि कमीशन या लालच में आकर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

