मलेबेन्नूर थाने में कुछ देर बंद रहा कामकाज
कर्मचारियों ने बुझाई लाइटें
मलेबेन्नूर (दावणगेरे). कस्बे के पुलिस थाने पर सोमवार शाम अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने धावा बोल दिया, जिससे पुलिस कर्मियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ी संख्या में मधुमक्खियां भनभनाती हुई थाने की ओर पहुंचीं। शुरुआत में कर्मचारियों ने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन कुछ ही देर में झुंड बढऩे लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने तत्काल लाइटें बंद कर दीं और खिडक़ी-दरवाजे बंद कर बाहर निकल गए।
मधुमक्खियों के कारण थाने का कामकाज कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। बाद में अगरबत्ती जलाने के बाद मधुमक्खियां धीरे-धीरे उड़ गईं, तब कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय बुजुर्गों का कहना है कि तेज गर्मी और हवा के कारण मधुमक्खियां ठंडी जगहों की तलाश में आती हैं। थाने परिसर में उद्यान होने और भवन के अंदर अपेक्षाकृत ठंडक रहने के कारण वे वहां पहुंच गई होंगी।
उन्होंने कहा कि मधुमक्खियां बिना छेड़छाड़ के सामान्यत: हमला नहीं करतीं और उनका आना शुभ संकेत माना जाता है।
थाने के पीएसआई हारून अख्तर ने बताया कि शाम के समय बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर थाने आते हैं, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
