रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिया सेवा विस्तार का भरोसा
हुब्बल्ली स्टेशन को हाईटेक बनाने पर भी बनी सहमति
हुब्बल्ली। उत्तर कर्नाटक के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। हुब्बल्ली-वाराणसी रेल सेवा को सप्ताह में तीन दिन संचालित करने का भरोसा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिया है। वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में केवल एक दिन चलती है। सेवा का विस्तार होने से काशी की धार्मिक यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों तथा रोजगार और व्यापार के सिलसिले में यात्रा करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
प्रल्हाद जोशी ने रेल मंत्री से की मांग
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बुधवार को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर हुब्बल्ली-वाराणसी रेल सेवा को सप्ताह में तीन दिन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उत्तर कर्नाटक और काशी के बीच सीधा रेल संपर्क यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा वर्तमान सेवा में यात्रियों की मांग अधिक है।
फिलहाल हुब्बल्ली-बनारस साप्ताहिक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 17323) प्रत्येक शुक्रवार शाम 6.15 बजे हुब्बल्ली से रवाना होकर रविवार सुबह 8.25 बजे वाराणसी पहुंचती है।
हुब्बल्ली स्टेशन को मिलेगा आधुनिक स्वरूप
जोशी ने हुब्बल्ली रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं हाईटेक सुविधाओं से विकसित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने स्टेशन पर पार्किंग, शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स, रेस्तरां और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों सहित यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। रेल मंत्री ने स्टेशन के उन्नयन पर भी सकारात्मक रुख जताया।
इन प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी ट्रेन
हुब्बल्ली से वाराणसी के बीच ट्रेन गदग, बादामी, बागलकोट, आलमट्टी, विजयपुर, सोलापुर, अहमदनगर, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, प्रयागराज और मिर्जापुर होते हुए वाराणसी पहुंचेगी।
जोशी ने कहा कि उत्तर कर्नाटक के यात्रियों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए रेल संपर्क मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार का यह कदम महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना के प्रति आभार व्यक्त किया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

