पीने के पानी, शौचालय और रखरखाव की कमी
बच्चों और बुजुर्गों के लिए असुरक्षित बने उद्यान
कनकगिरी (कोप्पल). ऐतिहासिक महत्व रखने वाले कनकगिरी कस्बे का तेजी से विस्तार हो रहा है, लेकिन शहर की सुंदरता बढ़ाने वाले पार्क प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का शिकार हो गए हैं। विश्राम और मनोरंजन के केंद्र बनने वाले अधिकांश उद्यान अब मूलभूत सुविधाओं के अभाव में बदहाल स्थिति में पहुंच चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत और मांग पत्र देने के बावजूद पार्कों की सफाई, मरम्मत और विकास की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कस्बे में 50 से अधिक पार्क हैं, लेकिन अधिकांश में पीने के पानी, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं।
तोंडेतेवरप्पा मंदिर परिसर स्थित पार्क में बच्चों के झूले और खेल सामग्री टूट चुकी हैं। झूले गिरने की स्थिति में हैं, जबकि पार्क में बैठने के लिए पर्याप्त बेंच भी नहीं हैं। जगह-जगह घास और झाडिय़ां उग आई हैं तथा वॉकिंग ट्रैक तक नहीं है।
5वें वार्ड के शिरिगेरी क्षेत्र का पार्क भी बच्चों और बुजुर्गों के उपयोग लायक नहीं बचा है। यहां मौजूद खेल सामग्री टूट चुकी है और सफाई के अभाव में पार्क वीरान हो गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित पार्क की हालत और भी खराब है। पूरे परिसर में झाडिय़ां और कांटेदार पौधे फैल गए हैं, जिससे वहां जाना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासी विनायक ने कहा कि पार्कों में स्वच्छता और सुविधाओं के अभाव के कारण लोग सुबह-शाम टहलने के लिए शहर की मुख्य सडक़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
महबूब नगर स्थित पार्क का प्रवेश द्वार खुले शौचालय में बदल गया है। पार्क में कूड़े का ढेर लगा है और पानी की टंकी होने के बावजूद पौधों या लोगों के लिए पानी की व्यवस्था नहीं की गई है। वॉकिंग ट्रैक भी कचरे और झाडिय़ों से ढक चुका है।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से पार्कों के रखरखाव, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और बच्चों के खेल उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नए विकसित हो रहे क्षेत्रों में भी आधुनिक और सुसज्जित पार्क बनाए जाने चाहिए, ताकि बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को स्वस्थ वातावरण मिल सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

