चार महीने से नए गैस कनेक्शन बंद, 90 हजार उपभोक्ता परेशानचार महीने से नए गैस कनेक्शन बंद, 90 हजार उपभोक्ता परेशान

राज्य में एलपीजी संकट गहराया

100 से अधिक एजेंसियां बंद

व्यावसायिक सिलेंडरों को प्राथमिकता मिलने से घरेलू उपभोक्ताओं की बढ़ी मुश्किलें

मेंगलूरु. कर्नाटक में पिछले चार महीनों से नए रसोई गैस (एलपीजी) कनेक्शन लगभग ठप पड़ गए हैं। राज्यभर में 90 हजार से अधिक लंबित आवेदनों के कारण हजारों परिवार नए गैस कनेक्शन के लिए भटक रहे हैं। गैस एजेंसियां मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के कारण आपूर्ति प्रभावित होने का हवाला दे रही हैं, जबकि उपभोक्ताओं का आरोप है कि घरेलू कनेक्शनों की बजाय व्यावसायिक (कॉमर्शियल) सिलेंडरों की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है।

100 से अधिक एजेंसियों पर ताले, नए कनेक्शन रुके

मार्च के मध्य से एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने के बाद राज्य में 100 से अधिक गैस एजेंसियां बंद हो चुकी हैं। वहीं तीन हजार से अधिक एजेंसियों ने नए घरेलू गैस कनेक्शन देना लगभग बंद कर दिया है। मैसूरु, बेलगावी, कलबुर्गी, हुब्बल्ली-धारवाड़, मेंगलूरु सहित अधिकांश जिलों में स्थिति गंभीर बनी हुई है।

90 हजार से अधिक आवेदन लंबित

राज्य में लंबित आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अनुमानित आंकड़ों के अनुसार मैसूरु में 12 हजार, धारवाड़ में 10 हजार, बेलगावी में 9,500, कलबुर्गी में 8 हजार तथा अन्य जिलों में 50,500 से अधिक आवेदन लंबित हैं। कुल मिलाकर 90 हजार से अधिक उपभोक्ता नए गैस कनेक्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

दस्तावेजों में कमी बताकर लौटाए जा रहे आवेदन

उपभोक्ताओं का आरोप है कि सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद आवेदन यह कहकर लौटा दिए जाते हैं कि दस्तावेज अधूरे हैं। कई एजेंसियां सिलेंडरों की कमी और अनियमित आपूर्ति का हवाला देकर नए कनेक्शन देने से इनकार कर रही हैं। साथ ही, जिन क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा उपलब्ध है या जहां एक परिवार के पास पहले से दो एलपीजी कनेक्शन हैं, वहां नए कनेक्शन रोकने की कार्रवाई भी की जा रही है।

तेल कंपनियों ने बताई प्राथमिकता

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आइओसी) के राज्य नोडल अधिकारी सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्य कर रहे हैं। फिलहाल अस्पतालों जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर नए कनेक्शन दिए जा रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं के पास पीएनजी सुविधा उपलब्ध है, उन्हें नया एलपीजी कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है।

स्टॉक नहीं, कैसे दें कनेक्शन?

मेंगलूरु के गैस एजेंसी संचालक संपत कुमार ने बताया कि पिछले चार महीनों में 400 से अधिक लोगों ने नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, लेकिन तेल कंपनियों से अतिरिक्त सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं हो रही। स्टॉक उपलब्ध नहीं होने के कारण नए कनेक्शन जारी करना संभव नहीं है।

इस बीच दक्षिण कन्नड़ की खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की उपनिदेशक हेमलता बी.एस. ने कहा कि एजेंसियों के साथ प्रारंभिक चर्चा की जाएगी और इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक बुलाकर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *