बम्मिगट्टी में प्रजा सेवा आंदोलन शिविर
142 आवेदन प्राप्त, महिलाओं को सिलाई मशीनें और किसानों को बीज वितरित
हुब्बल्ली। श्रम, रोजगार एवं जिला प्रभारी मंत्री संतोष लाड ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से काम करें। ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनें और निर्धारित समयसीमा में उनका समाधान सुनिश्चित करें।
वे शनिवार को कलघटगी तालुक के बम्मिगट्टी स्थित सरकारी बालिका विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय प्रजा सेवा आंदोलन शिविर का उद्घाटन कर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से प्रजा सेवा विभाग शुरू किया गया है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर निपटारा किया जाएगा। शेष मामलों को तालुक, जिला और राज्य स्तर पर हल किया जाएगा।
142 आवेदन प्राप्त
शिविर में आवास, सडक़ और विद्यालयों के विकास सहित विभिन्न मांगों से जुड़े 142 आवेदन प्राप्त हुए। पात्र किसानों को बीज और महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। सेवाकाल में कर्मचारी की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी शिल्पा मत्रोडी को हुब्बल्ली विद्युत आपूर्ति कंपनी की ओर से पांच लाख रुपए की सहायता दी गई। भूमि गारंटी योजना के तहत बम्मिगट्टी के 22 लोगों को ई-स्वामित्व प्रमाणपत्र भी सौंपे गए।
इस अवसर पर एस.आर. पाटील, कुमार टी.एच.एम., जिलाधिकारी स्नेहल आर., जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश पाटील, पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

