कथित तौर पर वध के लिए रखे गए पशुओं को पुलिस ने गौ-शाला भेजा
बल्लारी. शहर के पुराने बाइपास क्षेत्र में मंगलवार को 50 से अधिक गोवंश को कथित रूप से वध के लिए ले जाए जाने से पहले बचा लिया गया। यह कार्रवाई हिंदू संगठनों की सूचना पर कौल बाजार पुलिस ने की।
जानकारी के अनुसार, विभिन्न स्थानों से खरीदे गए गोवंश को पुराने बाइपास के गोलबड़ी मार्ग स्थित एक गोदामनुमा शेड में रखा गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर वहां मौजूद लोग गोवंश को एकत्र करने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए इन पशुओं को यहां रखा गया था। घटना को लेकर क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल भी बना रहा।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी गोवंश को सुरक्षित रूप से गौ-शाला भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

