दूपदहल्ली भुजंगनगर में जलभराव से दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप
बच्चों समेत ग्रामीणों में एलर्जी की शिकायत, पंचायत पर अनदेखी का आरोप
विजयनगर। जिले के कोट्टूर तालुक के दूपदहल्ली भुजंगनगर में नालियों की बदहाल व्यवस्था ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। नालियों का गंदा पानी सडक़ों पर बह रहा है और कई घरों के सामने जमा है। ग्रामीणों को रोजाना इसी गंदे पानी और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
नालियों का पानी जमा रहने से क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना हुआ है। लंबे समय से पानी जमा होने के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोगों को शरीर पर एलर्जी समेत विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
बच्चों में भी एलर्जी की शिकायत
ग्रामीणों के मुताबिक, गंदे पानी और मच्छरों की समस्या से बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं। कुछ बच्चों में एलर्जी के लक्षण दिखाई देने के बाद उन्हें स्कूल से वापस भेजा जाता है।
घरों के आसपास लंबे समय से गंदा पानी जमा रहने से बीमारी और संक्रमण के डर के बीच रहने को मजबूर होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया। उनका कहना है कि समस्या कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन ग्राम पंचायत अधिकारियों की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पंचायत पर अनदेखी का आरोप
ग्रामीणों ने नाली व्यवस्था दुरुस्त करने, सडक़ों पर जमा गंदे पानी को तत्काल हटाने और गांव में स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है। समस्या का समाधान नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने विधायक और संबंधित अधिकारियों के प्रति भी नाराजगी जताई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात और जलभराव की समस्या को देखते हुए केवल अस्थायी सफाई के बजाय नाली निकासी की स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

