वसूली के आरोप
अवैध राशन चावल परिवहन मामले में तीन गिरफ्तार, पुलिस विभाग में मचा हडक़ंप
बल्लारी. अवैध राशन चावल परिवहन मामले में पैसे की वसूली के आरोप को लेकर बल्लारी पुलिस विभाग में सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। जिला पुलिस अधीक्षक सुमन पन्नेकर के गनमैन देवराज समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
अवैध रूप से राशन चावल ले जा रहे ट्रांसपोर्टर से धमकाकर पैसे वसूलने के आरोप में यह कार्रवाई की गई। चावल कारोबारी शरभय्या की शिकायत के आधार पर मोका पुलिस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शिकायत के अनुसार, आंध्र प्रदेश की ओर जा रहे राशन चावल से भरे दो ट्रकों को देवराज और उसके साथियों ने रोका। आरोप है कि उन्होंने खुद को “एसपी स्क्वाड” बताकर ट्रकों को जब्त करने और मामला दर्ज करने की धमकी दी। शुरुआत में 5 लाख रुपए की मांग की गई, बाद में कथित तौर पर 3 लाख रुपए लेकर मामला रफा-दफा किया गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रकम नहीं देने पर जेल भेजने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी।
प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसपी सुमन पन्नेकर ने अपने ही गनमैन की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मामले में देवराज सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पूछताछ जारी है।
इस मामले में स्वयं एसपी का पुलिस थाने पहुंचकर जांच की निगरानी करना चर्चा का विषय बना हुआ है। गौरतलब है कि बल्लारी पुलिस पिछले कई महीनों से अवैध राशन चावल परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और सैकड़ों मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
हालांकि, अब उसी कार्रवाई के नाम पर पुलिस कर्मियों पर अवैध वसूली के आरोप लगना विभाग की छवि के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस घटना के बाद जिले में पुलिस व्यवस्था की पारदर्शिता और अनुशासन को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

