उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने दी जानकारी
33 फाटकों की मरम्मत अंतिम चरण में
15 मई तक उद्घाटन का लक्ष्य
ढाई लाख से अधिक किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
होसपेट (विजयनगर). उपमुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री डीके शिवकुमार ने तुंगभद्रा जलाशय परियोजना को देश के लिए एक आदर्श मॉडल बताते हुए कहा कि यह योजना अब अपने अंतिम चरण में है और 15 मई तक उद्घाटन का लक्ष्य रखा गया है।
वे रविवार को बांध के कार्यों का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि तुंगभद्रा बांध के सभी 33 क्रेस्ट फाटकों की आपातकालीन मरम्मत का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है, जिसमें से 22 फाटकों पर स्लाइस प्लेट लगाने का काम पूर्ण हो चुका है। शेष कार्य भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। नई चेन लगाने का निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है, जिसका पहला सेट 7 मई तक पहुंच जाएगा और मई के अंत तक संपूर्ण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
डीके शिवकुमार ने कहा कि इस परियोजना के तहत अब तक लगभग 10 टीएमसी पानी संग्रहित किया जा चुका है और कर्नाटक व आंध्र प्रदेश के बीच 64:34 के अनुपात में वित्तीय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। यह योजना करीब ढाई लाख किसानों के जीवन की आधारशिला है और आने वाले वर्षों में उनकी कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि फाटकों की मरम्मत पर लगभग 54 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं, जबकि नहरों और डाउनस्ट्रीम कार्यों सहित कुल 315 करोड़ रुपए का निवेश किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस मरम्मत के बाद बांध की आयु लगभग 50 वर्ष तक बढ़ जाएगी, हालांकि जलाशय की भंडारण क्षमता 105 टीएमसी से घटकर 100 टीएमसी रह गई है।
उपमुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि बांध के आसपास की औद्योगिक इकाइयों द्वारा रासायनिक युक्त पानी छोड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि डैम बोर्ड को पूर्ण स्वतंत्रता दी गई है और सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विपक्ष की आलोचनाओं का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि परियोजना मजबूत और टिकाऊ है। साथ ही 15 मई को पुन: दौरा कर विभिन्न जिलों के किसानों की उपस्थिति में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की योजना भी साझा की।
इस अवसर पर मंत्री शिवराज एस. तंगडगी, ईश्वर बी. खंड्रे, केएच मुनियप्पा, सांसद के. राजशेखर बसवराज हिटनाल सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

