कर्नाटक में दो और विधानसभा उपचुनाव की आहट

धारणवाड़ और हिरियूर सीटों पर राजनीतिक सरगर्मी तेज

कांग्रेस-भाजपा में टिकट को लेकर चर्चाएं शुरू

हुब्बल्ली. कर्नाटक में हाल ही में हुए दो विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस की जीत के बाद अब राज्य की दो और विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। हिरियूर विधानसभा क्षेत्र और धारवाड़ विधानसभा क्षेत्र में संभावित उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

हाल ही में डी. सुधाकर के निधन के कारण हिरियूर विधानसभा सीट रिक्त हुई है। वे कांग्रेस के विधायक थे और सिद्धरामय्या सरकार में योजना, कार्यक्रम समन्वय एवं सांख्यिकी मंत्री के तौर पर कार्यरत थे। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे सुधाकर का 11 मई को निधन हो गया था। इसके बाद अब कांग्रेस उम्मीदवार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दूसरी ओर, विनय कुलकर्णी को योगीशगौड़ा गौडर हत्या मामले में उम्रकैद की सजा मिलने के बाद उनकी विधायकी समाप्त हो गई है। इससे धारवाड़ सीट खाली हो गई है और यहां भी उपचुनाव तय माना जा रहा है।

धारवाड़ सीट पर टिकट को लेकर मंथन

कांग्रेस खेमे में फिलहाल उम्मीद जताई जा रही है कि विनय कुलकर्णी को हाईकोर्ट से राहत मिल सकती है। इसी कारण पार्टी ने अभी खुलकर चुनावी तैयारी शुरू नहीं की है। हालांकि, यदि उपचुनाव अनिवार्य हुआ तो उनकी पत्नी शिवलीला कुलकर्णी को उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा सबसे अधिक है।

स्थानीय स्तर पर तवनप्पा अष्टगी का नाम भी सामने आ रहा है, लेकिन पार्टी में नए होने के कारण उनकी दावेदारी कमजोर मानी जा रही है।

भाजपा में कई दावेदार मैदान में

वहीं भारतीय जनता पार्टी ने उपचुनाव की संभावना को देखते हुए तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने बूथ स्तर पर बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी है।

धारवाड़ सीट से पूर्व विधायक अमृत देसाई को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता मंजुनाथ मक्कलगेरी, पूर्व विधायक सीमा मसूती और पूर्व महापौर ईरेश अंचटगेरी के नाम भी चर्चा में हैं।

इसके साथ ही योगीशगौड़ा गौडर हत्याकांड में कानूनी लड़ाई लडऩे वाले बसवराज कोरवर और सविता अमरशेट्टी को भी संभावित उम्मीदवारों में देखा जा रहा है।

दोनों सीटें पहले कांग्रेस के कब्जे में थीं। ऐसे में आने वाले उपचुनाव कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनते दिख रहे हैं।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *