लाभार्थियों को दिए जाने वाले ऑटो रिक्शा, कार, ठेला और मशीनों पर होगी एक जैसी सरकारी पहचान
मुख्य सचिव डॉ. शालिनी रजनीश ने जारी किया आधिकारिक आदेश
हुब्बल्ली। कर्नाटक सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को वितरित किए जाने वाले वाहनों और मशीनों पर अब एक समान सरकारी पहचान अनिवार्य होगी। राज्य मंत्रिमंडल के निर्णय के बाद सरकार ने इनके लिए पीले और लाल रंग के इस्तेमाल के साथ राज्य के आधिकारिक प्रतीक चिह्न को लगाना अनिवार्य कर दिया है।
सरकार की मुख्य सचिव डॉ. शालिनी रजनीश ने इस संबंध में आधिकारिक निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सरकारी योजनाओं के अंतर्गत वितरित किए जाने वाले ऑटो रिक्शा, कार, अन्य वाहन, हाथ ठेले और विभिन्न प्रकार के यंत्रों पर निर्धारित प्रारूप के अनुसार पीले और लाल रंग का इस्तेमाल करना होगा। साथ ही उन पर राज्य सरकार का आधिकारिक प्रतीक चिह्न भी लगाना अनिवार्य होगा।
सभी विभागों को तत्काल अमल के निर्देश
सरकार ने सभी संबंधित विभागों, निगमों, मंडलों और प्राधिकरणों को इस निर्णय का तत्काल प्रभाव से पालन करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदित डिजाइन के अनुरूप सरकारी पहचान चिह्न और रंगों का इस्तेमाल सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों को सौंपी गई है।
मुख्य सचिव को इस व्यवस्था के क्रियान्वयन की निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है कि सभी विभाग निर्धारित डिजाइन के अनुसार सरकारी ब्रांडिंग करें।
सार्वजनिक रूप से होगी वाहनों की पहचान
इस व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के तहत वितरित वाहनों और उपकरणों की अलग पहचान स्थापित करना है। इससे आम लोगों को यह समझने में आसानी होगी कि कौन-से वाहन और उपकरण सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को दिए गए हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
