रायचूर जिले में एक साल में 260 लोगों की गई जान
पांच वर्षों में 2.96 लाख बलगम जांच, 21,926 मरीजों की पहचान
जांच का लक्ष्य 95 प्रतिशत पूरा, लेकिन मरीजों की पहचान का आंकड़ा 89 प्रतिशत पर अटका
समय पर जांच और पूरा उपचार बड़ी चुनौती
रायचूर। जिले में क्षय रोग (टीबी) से होने वाली मौतें चिंता बढ़ा रही हैं। पिछले पांच वर्षों में इस बीमारी से 1,106 लोगों की जान जा चुकी है। वर्ष 2022 से 2026 तक करीब 2.96 लाख बलगम नमूनों की जांच में 21,926 मरीजों की पहचान हुई। वर्ष 2025 सबसे घातक रहा, जब 260 लोगों की मौत दर्ज की गई।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पांच वर्षों में 3,10,892 बलगम जांच का लक्ष्य था, जिसके मुकाबले 2,96,062 जांच हुईं। इस तरह 95 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया। वहीं, 24,541 टीबी मरीजों की पहचान का लक्ष्य था, लेकिन 21,926 मरीज ही अधिसूचित हुए। यानी उपलब्धि 89 प्रतिशत रही। जांच का दायरा बढऩे के बावजूद संभावित मरीजों की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करना चुनौती बना हुआ है।
2025 में सर्वाधिक 260 मौतें
वर्ष 2022 में 46,841 जांच में 4,815 मरीज मिले और 252 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2023 में 51,657 जांच में 5,085 मरीजों की पहचान हुई, जबकि 232 लोगों की जान गई। वर्ष 2024 में 4,662 मरीज मिले और 230 मौतें दर्ज की गईं।
वर्ष 2025 में जांच का लक्ष्य पार करते हुए 71,006 नमूनों की जांच की गई। इसके बावजूद 4,656 के लक्ष्य के मुकाबले 4,251 मरीज ही अधिसूचित हुए। इस वर्ष 260 मौतें हुईं, जो पांच वर्षों में सर्वाधिक हैं। वर्ष 2026 में 49,203 जांच में 3,113 मरीज मिले और 132 मौतें दर्ज की गईं।
लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
जिला क्षय रोग उन्मूलन अधिकारी डॉ. यशोदा के अनुसार, दो सप्ताह से अधिक खांसी, बलगम, बुखार, रात में पसीना आना, भूख कम लगना और वजन घटना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय तत्काल जांच करानी चाहिए।
टीबी की पुष्टि होने पर निर्धारित छह महीने का उपचार नियमित रूप से पूरा करना जरूरी है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार नि:शुल्क उपलब्ध है। सक्रिय टीबी मरीजों की खोज के लिए स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर संभावित संक्रमितों की पहचान भी कर रहे हैं।
डॉ. यशोदा ने बताया कि उपचार बीच में छोडऩे से संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है। इससे परिवार और निकट संपर्क में रहने वाले लोग भी प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए शुरुआती पहचान और उपचार का पूरा निर्धारित क्रम अपनाना जरूरी है।
पांच वर्षों के प्रमुख आंकड़े
वर्ष — बलगम जांच — मरीज — मौतें
2022 — 46,841 — 4,815 — 252
2023 — 51,657 — 5,085 — 232
2024 — 77,355 — 4,662 — 230
2025 — 71,006 — 4,251 — 260
2026 — 49,203 — 3,113 — 132
कुल — 2,96,062 — 21,926 — 1,106
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
