200 साल पुरानी ‘खण’ बुनाई पर अस्तित्व का संकटहथकरघे पर साड़ी बुनता बुनकर।

150 करोड़ का कारोबार, फिर भी बुनकर बदहाल

कभी रानियों की चोली की शान था गुलदगुड्ड का खण, आधुनिक फैशन से बढ़ी मांग

10-15 हजार हथकरघों में अब महज 100-150 चालू, नई पीढ़ी ने छोड़ा पुश्तैनी पेशा

टेक्सटाइल पार्क की योजना अधर में

बागलकोट। जिले के गुलेदगुड्ड की पहचान रहे करीब 200 साल पुराने पारंपरिक ‘खण’ की बुनाई पर अस्तित्व का संकट मंडरा रहा है। कभी राजघरानों की रानियों की चोली की शान रहे इस कपड़े की महाराष्ट्र की लावणी और इलकल साडिय़ों के साथ खास पहचान रही है। ब्रिटिश शासन के दौर में इसकी इतनी मांग थी कि महाराष्ट्र के व्यापारी ट्रकों में भरकर खण खरीदने आते थे। आज आधुनिक फैशन ने इसे नया बाजार तो दिया है, लेकिन कम मजदूरी और घटते रोजगार ने बुनकरों को पुश्तैनी पेशा छोडऩे पर मजबूर कर दिया है।

फैशन से बढ़ी मांग, बदली उपयोगिता

पहले खण का इस्तेमाल मुख्यत: बुजुर्ग महिलाएं करती थीं। समय के साथ इसके ग्राहक घटे तो बुनकरों ने इसे आधुनिक फैशन से जोडऩे की पहल की। अब खण से साडिय़ों, सलवार-कुर्तों, चूड़ीदार, शॉल, पगड़ी, किताबों के आवरण और सजावटी वस्तुओं का निर्माण हो रहा है। युवा पीढ़ी और प्रवासी भारतीयों में भी इसकी मांग बढ़ी है।

150 करोड़ का कारोबार, मजदूरी महज 10 रुपए

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, खण का सालाना कारोबार 120 करोड़ से बढक़र 150 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। इसके बावजूद बुनकरों की आर्थिक स्थिति नहीं सुधरी। एक खण की बुनाई पर महज 10 रुपए मजदूरी मिलती है। पावरलूम पर एक परिवार प्रतिदिन 12-14 रेशमी या 20-22 चाइना खण तैयार करता है। हथकरघे पर उत्पादन इससे कम रहता है। सप्ताहभर की मेहनत के बाद भी परिवार की कमाई 1,000 से 1,500 रुपए तक ही सीमित रहती है।

200 साल पुरानी ‘खण’ बुनाई पर अस्तित्व का संकट
पावरलूम पर साड़ी बुनता बुनकर।

हथकरघे बंद, बुनकरों का पलायन

गुलेदगुड्ड में कभी 10-15 हजार हथकरघे चलते थे। अब केवल 100-150 सक्रिय हैं। इसी तरह 6-7 हजार पावरलूम में से 2-3 हजार ही चालू हैं। रोजगार की कमी से बड़ी संख्या में बुनकर परिवार पलायन कर चुके हैं। इनमें करीब 15-20 हजार बुनकर बेंगलूरु के कामाक्षीपाल्या, यलहंका और बसवेश्वर नगर सहित विभिन्न इलाकों में बस गए हैं। नई पीढ़ी भी इस पेशे से दूरी बना रही है।

हमारी पीढ़ी के साथ खत्म हो सकती है परंपरा

वरिष्ठ बुनकर बोम्मन्ना रोजी वर्ष 1978 से इस पेशे में हैं। उनका परिवार करीब 100 वर्षों से बुनाई कर रहा है। वे कहते हैं कि हम पांच भाई इसी काम में लगे रहे। अब दो भाइयों का निधन हो चुका है और तीन इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। लेकिन हमारे बच्चे यह काम नहीं करना चाहते। इसमें आमदनी नहीं है। जिस बुनाई ने हमारे परिवार को जीवन दिया, वही परंपरा हमारी पीढ़ी के साथ खत्म हो सकती है।

200 साल पुरानी ‘खण’ बुनाई पर अस्तित्व का संकट
तैयार साडिय़ां।

टेक्सटाइल पार्क की मांग अधूरी

खण उत्पादक संपत राठी के अनुसार, पुराने हथकरघों को आधुनिक तकनीक से जोडऩे के लिए प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता जरूरी है। तैयार उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सरकार को निभानी चाहिए। गुलेदगुड्ड में प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क अब तक स्थापित नहीं हो पाया है।

बुनकरों को उम्मीद है कि सरकार कच्चे माल पर सहायता, आसान ऋण, आधुनिक मशीनें, प्रशिक्षण और उत्पादों की सीधी खरीद की व्यवस्था करेगी। कारोबार में वृद्धि के बावजूद यदि बुनकरों की आमदनी और रोजगार नहीं बढ़े तो 200 साल पुरानी यह बुनाई इतिहास बनकर रह जाएगी।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *