पीएम इ-बस योजना के तहत मंजूर बसों का संचालन जल्द शुरू करने की मांग
परिवहन मंत्री ने दिया भरोसा
शिवमोग्गा। शिवमोग्गा शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पीएम इ-बस योजना के तहत मंजूर 50 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन जल्द शुरू करने की मांग की गई है। राज्य वस्त्र अवसंरचना विकास निगम के अध्यक्ष चेतन के. गौड़ा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को बेंगलूरु में परिवहन मंत्री भैरती सुरेश से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
बढ़ती आबादी और यात्रियों की संख्या का दिया हवाला
चेतन गौड़ा ने कहा कि शिवमोग्गा शहर विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकसित हो रहा है। रोजाना हजारों लोग रोजगार, शिक्षा, व्यापार और अन्य कार्यों के लिए शहर पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ‘शक्ति’ योजना लागू होने के बाद सरकारी बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शीघ्र शुरू किया जाना जरूरी है।
वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा का आश्वासन
परिवहन मंत्री भैरती सुरेश ने प्रतिनिधिमंडल का ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि इस संबंध में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी और शहर के नागरिकों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में वस्त्र निगम के उपाध्यक्ष एवं बेंगलूरु हेब्बाल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जी.वी. बालाजी, युवा कांग्रेस नेता श्रीजीत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

