कुलपति के निजी पूजा निमंत्रण पर विवादकुलपति डॉ. विष्णुवर्धन।

आधिकारिक लेटरहेड के इस्तेमाल पर आपत्ति

समर्थक बोले—निजी धार्मिक आयोजन पर सवाल क्यों?

बागलकोट। बागलकोट स्थित उद्यानिकी विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विष्णुवर्धन की ओर से अपने आवास पर आयोजित सत्यनारायण पूजा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। निजी धार्मिक आयोजन के निमंत्रण के लिए विश्वविद्यालय के आधिकारिक लेटरहेड के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई गई है।

कुलपति के नाम से जारी निमंत्रण में कहा गया है कि उनके परिवार की ओर से सत्यनारायण पूजा, नवग्रह शांति होम और महागणपति पूजा महोत्सव का आयोजन 11 अगस्त को सुबह 10.30 बजे कुलपति आवास परिसर में किया गया। विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों, श्रमिकों और विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित कर पूजा में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लेने का आग्रह किया गया।

निजी आस्था या सार्वजनिक पद की मर्यादा?

आधिकारिक लेटरहेड के इस्तेमाल को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। प्रकाशक एवं लेखक बसवराज सुळीभावी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सत्यनारायण पूजा और नवग्रह होम किसी व्यक्ति की निजी आस्था हैं तो किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लेकिन निजी धार्मिक आस्था को उस सार्वजनिक संस्था से जोडऩा, जहां व्यक्ति पद पर कार्यरत है, उचित नहीं है।

उन्होंने सवाल उठाया कि सरकारी नियुक्ति से विश्वविद्यालय के कुलपति बने व्यक्ति द्वारा इस तरह धार्मिक आयोजन को संस्थागत रूप देना उचित है या नहीं।

लेखिका ने किया बचाव

लेखिका प्रतिभा नंदकुमार ने कुलपति के कदम का बचाव किया। उन्होंने कहा कि यह उनके घर का निजी कार्यक्रम है और निमंत्रण भी व्यक्तिगत है। विवाद केवल लेटरहेड के इस्तेमाल को लेकर है, जिसे उन्होंने बहुत बड़ा अपराध नहीं माना। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में धार्मिक आस्थाओं के प्रति कुछ सहिष्णुता बरतने की आवश्यकता बताई।

आयोजन के बीच बढ़ी बहस

समर्थन और विरोध के बीच कुलपति के आवास पर मंगलवार को सत्यनारायण पूजा संपन्न हुई। मामले पर कुलपति डॉ. विष्णुवर्धन से प्रतिक्रिया लेने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *