हुब्बल्ली। हुब्बल्ली ग्रामीण तहसीलदार जे.बी. मज्जगी ने सरकारी कर्मचारियों से जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सामूहिक रूप से काम करने का आह्वान किया।
तालुक प्रशासन भवन में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण करने के बाद तहसीलदार मज्जगी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी, भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, सरदार वल्लभभाई पटेल और लाला लाजपत राय सहित सैकड़ों महापुरुषों ने अपना जीवन न्योछावर कर देश को आजादी दिलाई। उनके त्याग और बलिदान के कारण भारत आज एक स्वतंत्र, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र के रूप में विश्व में गौरवपूर्ण स्थान रखता है। भारत की समृद्ध संस्कृति और कला देशवासियों के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी यदि अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए एकजुट होकर कार्य करें, तो जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकती हैं। तालुक स्तर के सभी अधिकारियों को जनता की शिकायतों के समाधान और विकास कार्यों में सक्रियता से योगदान देना चाहिए।
विधायक एन.एच. कोनरेड्डी ने कहा कि शासन व्यवस्था में कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक नागरिक में ‘भारत हमारा देश है’ की भावना मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर कार्य करें और ईमानदारी से प्रयास करते हुए हुब्बल्ली तालुक को आदर्श तालुक बनाने की दिशा में काम करें।
इस अवसर पर हुब्बल्ली शहर के तहसीलदार महेश भगवान गस्ते, ग्रेड-2 तहसीलदार शिवानंद हेब्बल्ली, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की तालुक अधिकारी नागरत्ना क्यासन्नूर सहित राजस्व विभाग, तालुक पंचायत और विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

