दस महीने में 26,115 का पंजीकरण, पिछले पूरे साल के आंकड़े के करीब पहुंचा शहर
दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी 72 प्रतिशत से अधिक
पांच साल में वाहन पंजीकरण 29 प्रतिशत बढ़ा
कारों की खरीद ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ा
इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति भी बढ़ा आकर्षण
हुब्बल्ली। शहर की सडक़ों पर वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ रहा है। निजी वाहनों की बढ़ती खरीद ने यातायात व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। हुब्बल्ली क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में जनवरी से अक्टूबर तक 26,115 नए वाहनों का पंजीकरण हुआ है। इस दौरान प्रतिदिन औसतन 85 नए वाहन सडक़ों से जुड़े। खास बात यह है कि महज दस महीनों में ही शहर पिछले पूरे वर्ष के 26,806 वाहनों के पंजीकरण के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गया है।
वाहन खरीद की बढ़ती रफ्तार पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों में भी दिखाई देती है। वर्ष 2022 में 20,777 नए वाहन पंजीकृत हुए थे। वर्ष 2023 में यह संख्या 23,894 और 2024 में 26,087 रही। वर्ष 2025 में 26,806 वाहनों का पंजीकरण हुआ। इस तरह 2022 से 2025 के बीच नए वाहनों की संख्या में करीब 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
दोपहिया वाहनों की सबसे बड़ी हिस्सेदारी
नए वाहनों में दोपहिया वाहनों का दबदबा बरकरार है। जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच 18,891 मोटरसाइकिल और स्कूटर पंजीकृत हुए। कुल पंजीकरण में इनकी हिस्सेदारी 72.3 प्रतिशत है। यानी हर चार नए वाहनों में लगभग तीन दोपहिया हैं। वहीं, निजी कारों की खरीद ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। वर्ष 2025 में 3,178 कारें पंजीकृत हुई थीं, जबकि इस वर्ष अक्टूबर तक ही इनकी संख्या 3,218 पहुंच गई।
इलेक्ट्रिक वाहनों ने भी पकड़ी रफ्तार
पेट्रोल-डीजल वाहनों के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों की मौजूदगी भी लगातार मजबूत हो रही है। वर्ष 2021 में केवल 481 इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हुए थे। वर्ष 2023 में यह संख्या 3,617 तक पहुंच गई। वर्ष 2026 में अक्टूबर तक 3,611 इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीकरण हुआ है। इनमें 3,397 पूर्णत: विद्युत चालित वाहन शामिल हैं।
बढ़ती संख्या, बड़ी चुनौती
वाहनों की संख्या में लगातार इजाफा शहर की यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत है। सडक़ों की सीमित क्षमता, पार्किंग की कमी और बढ़ते प्रदूषण के बीच यातायात प्रबंधन की चुनौती भी बढ़ रही है। वाहन खरीद की रफ्तार के अनुरूप सडक़ सुविधाओं, पार्किंग और प्रदूषण नियंत्रण की व्यवस्था मजबूत करना अब जरूरी हो गया है।

वैकल्पिक ऊर्जा से चलने वाले वाहनों में रुचि
दोपहिया वाहनों के साथ कारों और मालवाहक वाहनों के पंजीकरण में भी वृद्धि हो रही है। इलेक्ट्रिक वाहनों के आंकड़े बताते हैं कि लोग वैकल्पिक ऊर्जा से चलने वाले वाहनों में रुचि दिखा रहे हैं। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करना चाहिए, वैध दस्तावेज और बीमा रखना चाहिए तथा प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र बनवाना चाहिए। दोपहिया चालकों के लिए हेलमेट और कार सवारों के लिए सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य है।
–श्रीकांत बडिगेर, आरटीओ अधिकारी, हुब्बल्ली
आंकड़े
पांच साल में वाहन पंजीकरण
वर्ष — नए वाहन
2022 — 20,777
2023 — 23,894
2024 — 26,087
2025 — 26,806
2026 (अक्टूबर तक) — 26,115
2026 में अक्टूबर तक प्रमुख वाहन
वाहन श्रेणी — संख्या
दोपहिया — 18,891
कार — 7 3,218
मालवाहक — 1,287
यात्री ऑटो — 748
कृषि ट्रैक्टर — 522
इलेक्ट्रिक वाहनों का सफर
वर्ष — पंजीकरण
2021 — 481
2022 — 2,258
2023 — 3,617
2024 — 3,644
2025 — 3,626
2026 (अक्टूबर तक) — 3,611
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

