केंद्रीय मंत्री जोशी ने दिया सुझाव
सीएसआर निधि से निर्मित आधुनिक सुविधाओं का लाभ खिलाडिय़ों को मिले
धारवाड़ में 50 करोड़ की लागत से बने खेल परिसर व स्विमिंग पूल का उद्घाटन
हुब्बल्ली. केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि धारवाड़ शहर में निर्मित नूतन खेल परिसर और स्विमिंग पूल के प्रभावी संचालन के लिए जिला प्रशासन को एक अलग सोसाइटी का गठन करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन आधुनिक सुविधाओं का व्यवस्थित प्रबंधन नहीं किया गया तो भविष्य में इनके खराब होने की आशंका बनी रहेगी।
धारवाड़ शहर के कोर्ट सर्कल के पास निर्मित खेल परिसर और स्विमिंग पूल के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जोशी ने कहा कि एनएमडीसी, ओएनजीसी सहित विभिन्न कंपनियों की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निधि से लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत से इस आधुनिक खेल परिसर और स्विमिंग पूल का निर्माण किया गया है।
उन्होंने सुझाव दिया कि इनके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी किसी सक्षम स्वयंसेवी संस्था (एनजीओ) को सौंपने के विषय में विचार कर निर्णय लेना चाहिए। इस दिशा में विधान परिषद के सभापति बसवराज होरट्टी को भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर विधायक अरविंद बेल्लद ने प्रस्ताविक भाषण में कहा कि पहले शहर में मौजूद स्विमिंग पूल की लंबाई केवल 30 मीटर थी, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप प्रशिक्षण के लिए पर्याप्त नहीं थी। अब अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नया स्विमिंग पूल तैयार किया गया है, जिससे खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि खेल क्षेत्र में उपलब्धियां राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों से बेहतर तैयारी कर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस दौरान खिलाडिय़ों ने खेल सामग्री के लिए 25 लाख रुपए की अनुदान राशि की मांग की। इस पर प्रल्हाद जोशी ने आश्वासन दिया कि अनुदान उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस खेल परिसर और स्विमिंग पूल का अधिकतम उपयोग हो और यहां से ऐसे खिलाडिय़ों को तैयार किया जाए जो भविष्य में ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
समारोह में बसवराज होरट्टी, विधायक एम.आर. पाटील, विधान परिषद सदस्य एस.वी. संकनूर व प्रदीप शेट्टर, महापौर ज्योति पाटील, उपमहापौर संतोष चौहान, निगम के सभानायक ईरेश अंचटगेरी, हुडा अध्यक्ष शाकीर सनदी, जिलाधिकारी स्नेहल आर. तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश पाटील सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

