कुछ होटल सीमित समय तक खुले
कई जगह लकड़ी के चूल्हों पर बन रहा खाना
हुब्बल्ली. शहर में वाणिज्यिक एलपीजी गैस की आपूर्ति में भारी बाधा के बावजूद अधिकांश होटल किसी न किसी तरह अपना कारोबार जारी रखे हुए हैं। हालांकि कई प्रतिष्ठानों ने कामकाज का समय सीमित कर दिया है। कुछ होटल केवल सुबह के समय खुल रहे हैं, जबकि कई होटल केवल दोपहर के भोजन के समय ही ग्राहकों के लिए खुलते हैं और उसके बाद बंद कर दिए जाते हैं।
गैस संकट के कारण शहर के वे होटल, जो सामान्य दिनों में ग्राहकों से खचाखच भरे रहते थे, अब लगभग खाली दिखाई दे रहे हैं। इस बीच नागरिकों ने यह सवाल भी उठाया है कि कुछ होटल गैस सिलेंडर का उपयोग कर भोजन तैयार कर रहे हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वे घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं या वाणिज्यिक सिलेंडर का।
हुब्बल्ली होटल संघ के सदस्य सुधाकर शेट्टी के अनुसार, कुछ छोटे होटल संचालक पहले से जमा किए गए सिलेंडरों का उपयोग कर रहे हैं। वहीं बड़े होटल मालिक निजी स्तर पर अधिक कीमत देकर गैस सिलेंडर खरीदकर अपना व्यवसाय चला रहे हैं। उन्होंने संभावना जताई कि कुछ होटल घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग कर रहे हों, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शहर के स्टेशन रोड स्थित सिद्धारूढ़ खानावली के संचालक पिछले दो दिनों से फुटपाथ पर लकड़ी के चूल्हे लगाकर भोजन तैयार कर रहे हैं। इससे सडक़ पर धुआं फैल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
गैस आपूर्ति की समस्या जल्द हल नहीं होने पर होटल कारोबार पर इसका और गंभीर असर पडऩे की आशंका जताई जा रही है।

