हुब्बल्ली-धारवाड़ में आंधी-बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्तहुब्बल्ली में अचानक हुई बारिश से बचती महिलाएं।

ओलावृष्टि और तेज बारिश से बाजार प्रभावित

कई इलाकों में जलभराव

20 मार्च तक बारिश की संभावना

हुब्बल्ली. शहर में मंगलवार शाम से रात तक रुक-रुक कर हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। दिन में कड़ी धूप के बाद अचानक मौसम बदला और करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

देशपांडे नगर, दाजिबान पेठ, एस.एम. कृष्णा नगर, बसवनगर सहित पुरानी हुब्बल्ली के कई क्षेत्रों में बारिश का पानी जमा हो गया। वार्ड संख्या 39 के राजनगर स्थित एक अपार्टमेंट में गंदा पानी घुसने की घटना भी सामने आई। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।

लिंगराज नगर में लगने वाला साप्ताहिक बाजार बारिश के कारण पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। किसान और व्यापारी अपनी सब्जियों को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि ग्राहक दुकानों के सामने बारिश से बचते दिखे। रमजान और उगादी पर्व की खरीदारी पर भी इसका असर पड़ा और प्रमुख बाजारों में व्यापार प्रभावित रहा।

धारवाड़, अलनावर और नवलगुंद क्षेत्र में भी तेज हवा, गरज-चमक और ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई। नवलगुंद के दाटनाल गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक भैंस की मौत हो गई, जबकि कई जगह पेड़ों की शाखाएं टूटने और बिजली बाधित होने की घटनाएं सामने आईं।

कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. रवि पाटिल के अनुसार, उत्तर कर्नाटक के कई जिलों में 20 मार्च तक ऐसी बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि यह प्री-मानसून नहीं, बल्कि तापमान में अचानक वृद्धि के कारण बनने वाले स्थानीय बादलों का प्रभाव है।

बारिश से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर आम की फसल को नुकसान और किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *