के.ई.एन. राघवन देंगे मार्गदर्शन, हजारों किसानों को दे चुके हैं प्रशिक्षण
हुब्बल्ली. के.ई.एन. राघवन द्वारा गुरुवार शाम 6 बजे गो आधारित जैविक खेती और भारतीय कृषि पद्धति विषय पर विशेष सद्विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम गोकुल रोड स्थित केशव कुंज संघ कार्यालय में गो सेवा गतिविधि के तत्वावधान में आयोजित होगा।
मूल रूप से चेन्नई निवासी के.ई.एन. राघवन ने शिक्षा पूर्ण करने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में बिहार और असम में लंबे समय तक संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2001 से 2015 तक उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की एकल विद्यालय केंद्रीय टोली में प्रशिक्षण प्रमुख के रूप में कार्य किया। वर्ष 2008-09 की विश्वमंगल गोग्राम यात्रा में भी उन्होंने यात्रा प्रमुख की भूमिका निभाई थी।
वर्तमान में वे गो सेवा गतिविधि के अखिल भारतीय प्रशिक्षण प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और गो आधारित प्राकृतिक एवं जैविक खेती के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान को जोडऩे वाली कृषि पद्धतियों पर विशेष अध्ययन किया है।
“एक एकड़ भूमि, एक परिवार, दो गाय और बैल, वर्षा जल संरक्षण, व्यक्तिगत उत्पादन और सामूहिक विपणन” जैसे विषयों पर वे देशभर में किसानों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। वर्ष 2001 से अब तक वे 85 हजार से अधिक किसानों को प्रशिक्षण दे चुके हैं।
के.ई.एन. राघवन भारतीय गायों से संबंधित प्राचीन ग्रंथों के गहन अध्ययन के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने भारतीय विज्ञान संस्थान, पशु चिकित्सा विश्वविद्यालयों और आयुर्वेद महाविद्यालयों में भारतीय गौवंश के महत्व पर अनेक व्याख्यान दिए हैं तथा युवाओं और शोधकर्ताओं को इस दिशा में अनुसंधान के लिए प्रेरित किया है।
कार्यक्रम में श्री शांतलिंग महास्वामीजी का दिव्य सान्निध्य रहेगा। इसके अलावा डॉ. वी.एस.वी. प्रसाद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
दत्तात्रेय भट्ट ने सभी गोभक्तों और नागरिकों से कार्यक्रम में समय से 10 मिनट पूर्व पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

