रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने दी जानकारी
येलहंका-अरसीकेरे के बीच सप्ताह में 6 दिन सेवा
छात्रों, कर्मचारियों और किसानों को राहत
हुब्बल्ली. कर्नाटक के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने राज्य को एक नई मेमू (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन की सौगात दी है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने येलहंका से अरसीकेरे के बीच नई ट्रेन सेवा की घोषणा की, जो सप्ताह में 6 दिन संचालित होगी। यह ट्रेन बेंगलूरु, तुमकूरु और हासन क्षेत्र के यात्रियों के लिए बेहद लाभदायक मानी जा रही है।
मंत्री वी. सोमन्ना ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए कहा कि यह ट्रेन लंबे समय से यात्रियों की मांग थी, जिसे अब पूरा किया गया है। यह सेवा येलहंका से यशवंतपुर होते हुए तुमकूरु मार्ग से अरसीकेरे तक चलेगी, जिससे रोजाना यात्रा करने वालों को सस्ता और भरोसेमंद विकल्प मिलेगा।
वी. सोमन्ना ने कहा कि यह नई मेमू ट्रेन छात्रों, दैनिक मजदूरों, कर्मचारियों, किसानों और व्यापारियों के लिए किफायती और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करेगी। मैं सभी यात्रियों से इस सेवा का अधिकतम उपयोग करने का आग्रह करता हूं।
ट्रेन का समय (टाइम टेबल)
येलहंका-अरसीकेरे मेमू (संख्या 66505) सुबह 6.45 बजे येलहंका से प्रस्थान करेगी, सुबह 8.58 बजे तुमकूरु पहुंचगी, सुबह 11 बजे अरसीकेरे पहुंचेगी। अरसीकेरे-येलहंका मेमू (संख्या 66506) दोपहर 2.15 बजे अरसीकेरे से प्रस्थान करेगी, शाम 4.38 बजे तुमकूरु पहुंचेगी और शाम 7.15 बजे येलहंका पहुंचेगी।
यह ट्रेन रविवार को छोडक़र सप्ताह में 6 दिन चलेगी।
रामनगर में ओडयार एक्सप्रेस का ठहराव
इसके साथ ही रेलवे मंत्रालय ने मैसूर और बेंगलूरु के बीच चलने वाली लोकप्रिय ओडयार एक्सप्रेस (12613/12614) को रामनगर स्टेशन पर भी ठहराव देने की मंजूरी दी है। यह निर्णय प्रायोगिक आधार पर लिया गया है और यात्रियों की संख्या के आधार पर आगे स्थायी किया जा सकता है।
इस नए फैसले से कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

