व्यापारियों में नाराजगी
सुरक्षा व्यवस्था के चलते सडक़ किनारे दुकानें बंद
खराब सडक़ की जल्दबाजी में मरम्मत
हावेरी. मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के प्रस्तावित दौरे से पहले जिले के राणेबेन्नूर में सुरक्षा कारणों से सडक़ किनारे स्थित दुकानों को बंद करा दिया गया, जिससे स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली।
राणेबेन्नूर के रेलवे ट्रैक से सटे बड़ेकेरे क्षेत्र में विकास कार्यों के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री शामिल होने वाले थे। इसी के मद्देनजर प्रशासन ने सुबह से ही इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी थी।
दुकानों के सामने बैरिकेडिंग
पुलिस ने रेलवे लाइन के पास स्थित सभी प्रकार की दुकानों को बंद कराते हुए सडक़ किनारे घरों और दुकानों के सामने बैरिकेड्स लगाई थी। इससे रोजमर्रा का कारोबार प्रभावित हुआ।
व्यापारियों का फूटा गुस्सा
स्थानीय व्यापारियों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें बिना पूर्व सूचना के दुकानें बंद करने के लिए मजबूर किया गया। एक व्यापारी ने बताया कि हम रोज करीब 1000 रुपए की कमाई करते हैं, लेकिन आज पूरा नुकसान हो गया। हमारे जैसे कई लोग प्रभावित हुए हैं।
दौरे से पहले सडक़ मरम्मत
मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या हेलिकॉप्टर से राणेबेन्नूर तालुक स्टेडियम पहुंचे और वहां से बड़ेकेरे स्थल गए। जिस सडक़ से उनका काफिला गुजरा, वह लंबे समय से खराब थी, लेकिन अब दौरे से ठीक पहले गड्ढों को भरकर त्वरित मरम्मत की गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
