बसव जयंती के दिन शर्मनाक वारदात
गांधी सर्कल में असामाजिक तत्वों की हरकत से आक्रोश
पुलिस ने शुरू की जांच
हावेरी. शहर में बसव जयंती के पावन अवसर पर एक निंदनीय घटना सामने आई है। शहर के प्रमुख स्थल गांधी सर्कल पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को अज्ञात बदमाशों ने क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में रोष फैल गया है।
देर रात दिया वारदात को अंजाम
घटना का खुलासा सोमवार (20 अप्रेल) सुबह हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात सुनसान समय का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात लोगों ने प्रतिमा को गिराकर नुकसान पहुंचाया। यह कृत्य सुनियोजित प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही हावेरी शहर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा रहे हैं। इस संबंध में पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
नगर परिषद ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
इस मामले पर हावेरी नगर परिषद के आयुक्त कांतराजु एच ने कहा कि गांधी सर्कल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को कुछ असामाजिक तत्वों ने नुकसान पहुंचाया है। हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जनता में आक्रोश, शांति बनाए रखने की अपील
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

