रामनगर के पास खाई में गिरी बस
राहत-बचाव अभियान जारी
घायलों को एयरलिफ्ट करने की तैयारी
श्रीनगर. जम्मू और कश्मीर के उधमपुर जिला में सोमवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक परिवहन बस गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जब बस मोड़ पर पहुंची, तो हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रामनगर क्षेत्र के कगोर्ट गांव के पास हुई। उधमपुर की ओर जा रही बस एक खतरनाक मोड़ पर चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने अब तक 15 शव बरामद कर लिए हैं।
घायलों की हालत नाजुक, अस्पतालों में अलर्ट
घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सा दल लगातार उपचार में जुटे हैं और अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
केंद्रीय मंत्री ने लिया जायजा
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उधमपुर के जिलाधिकारी मिंगा शेरपा से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है ताकि उन्हें बेहतर इलाज मिल सके।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि बस मोड़ पर संतुलन खो बैठी, हालांकि सडक़ की स्थिति और तकनीकी खामियों की भी जांच की जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
