किसी के हताहत होने की खबर नहीं
उद्घाटन से एक दिन पहले एचआरआरएल परिसर में आग, बड़ा हादसा टला
बालोतरा (राजस्थान). राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा क्षेत्र में स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) के अत्याधुनिक रिफाइनरी-पेट्रोकेमिकल परिसर में सोमवार (20 अप्रेल) को आग लगने की घटना सामने आई। यह घटना उस समय हुई जब एक दिन बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस परियोजना का उद्घाटन करना था, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया।
तुरंत खाली कराए गए यूनिट, टला बड़ा खतरा
अधिकारियों के अनुसार, आग लगते ही तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए कई यूनिट्स को एहतियातन खाली करा लिया गया। कुछ समय के लिए मजदूरों में अफरा-तफरी का माहौल बना, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
दमकल की टीमों ने संभाला मोर्चा
घटना के तुरंत बाद एक दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है।
देश की बड़ी ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल
यह रिफाइनरी परियोजना एचपीसीएल और राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से लगभग 79,450 करोड़ रुपए की लागत से 4,400 एकड़ क्षेत्र में विकसित की गई है। इसकी वार्षिक क्षमता 9 एमएमटीपी है और इसे भारत की ऊर्जा सुरक्षा तथा पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
मोदी दौरे से पहले कड़ी सुरक्षा
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पहले से ही व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। करीब 5,000 पुलिसकर्मी, वरिष्ठ अधिकारी और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे तैनात किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, घटना के बावजूद उद्घाटन कार्यक्रम निर्धारित समय पर होने की संभावना है।
प्रशासन ने स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण होने का दावा किया है और आग के कारणों की जांच जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

