पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शादी से एक दिन पहले वारदात, नगदी और आभूषण लूटकर फरार हुआ आरोपी शिवमोग्गा से दबोचा गया
सिरसी (उत्तर कन्नड़). सिरसी में हुए सनसनीखेज डॉक्टर हत्याकांड का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की जा रही है।
मृतक की पहचान डॉ. रमेश कलघुटकर (63) के तौर पर की गई है, जो मूलत: धारवाड़ जिले के कुंदगोल के निवासी थे और सिरसी में बस डिपो के सामने क्लिनिक चलाते थे। पुलिस ने मामले में तीर्थहल्ली निवासी मंजुनाथ नायक (70) को गिरफ्तार किया है, जो मृतक का परिचित बताया जा रहा है।
शादी से पहले हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, डॉ. रमेश की पत्नी का पांच महीने पहले निधन हो गया था और वे सोमवार को अपनी साली से विवाह करने वाले थे। इसी कारण उनके घर पर परिवार के लोग पहुंचे थे। घर का दरवाजा बाहर से बंद देखकर शक हुआ। कई बार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोडक़र अंदर प्रवेश किया गया, जहां डॉक्टर मृत अवस्था में मिले।
लूट के इरादे से हत्या
प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी को डॉक्टर के घर में रखे नकदी और आभूषणों की जानकारी थी। शादी के चलते डॉक्टर ने बैंक से करीब 50 हजार रुपऐ नकद और लगभग 10 लाख रुपए के आभूषण घर में रखे थे। आरोपी इन्हें लूटकर फरार हो गया था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
डीएसपी गीता पाटिल और इंस्पेक्टर शशिकांत वर्मा के मार्गदर्शन में, पीएसआई बसवराज कनशेट्टी के नेतृत्व में टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिवमोग्गा से गिरफ्तार किया।
घटनास्थल पर पहुंचे जिला पुलिस अधीक्षक दीपन एम.एन. ने टीम की सराहना करते हुए इनाम की घोषणा की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
