सडक़ दुर्घटना के बाद शव से सोने के आभूषण चोरी करने का मामला, पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया
उडुपी. सडक़ दुर्घटना में मृत महिला श्रद्धालु के शरीर से सोने के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को कोल्लूर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 2.07 लाख रुपए मूल्य के सोने के गहने बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 मई को कोल्लूर के समीप दली क्षेत्र में हुए सडक़ हादसे में केरल की दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। इस संबंध में कोल्लूर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।
घटना के बाद मृत महिला के शरीर पर मौजूद सोने के आभूषण गायब पाए गए। इस संबंध में श्रीकुमार नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कुंदापुर उपविभाग के पुलिस उपाधीक्षक एच.डी. कुलकर्णी तथा बयंदूर सर्कल इंस्पेक्टर शिवकुमार के मार्गदर्शन में कोल्लूर थाना उपनिरीक्षक विनय एम. कोरलहल्ली और उनकी टीम ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा ली गई तस्वीरों और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने कोल्लूर गांव के कल्याणिगुड्डे निवासी हेमंत (40) को गिरफ्तार किया। आरोपी को मामला दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.910 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी, 3.450 ग्राम का सोने का कंगन और 7.160 ग्राम वजन की सोने की चेन बरामद की है। बरामद आभूषणों की कुल कीमत लगभग 2.07 लाख रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

