सरकारी स्कूल में बरामदे में लग रही कक्षाएं
हुविनहडगली (विजयनगर). जिले के हुविनहडगली कस्बे के 10वें वार्ड स्थित मिनी विधानसौधा सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में 280 से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं, लेकिन उनके लिए पर्याप्त कक्षाओं और मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। सात कमरों वाले इस विद्यालय में पांच कमरों की छत बारिश के दौरान टपकती है, जिसके कारण 50 से अधिक विद्यार्थियों को बरामदे में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
दो कक्षाओं के छात्र एक ही कमरे में
विद्यालय में स्वीकृत 12 शिक्षकों के स्थान पर केवल आठ शिक्षक कार्यरत हैं, जिनमें एक अतिथि शिक्षक शामिल हैं। कक्षाओं की कमी के कारण दो-दो कक्षाओं के विद्यार्थियों को एक ही कमरे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। यह कस्बे का एकमात्र द्विभाषी सरकारी विद्यालय है, जहां वर्ष 2019 से एलकेजी से सातवीं कक्षा तक अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा शुरू की गई थी। छात्र संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुविधाएं उसी अनुपात में विकसित नहीं हो सकी हैं।
जर्जर भवन और पेयजल संकट
अभिभावकों का आरोप है कि अंग्रेजी माध्यम के लिए प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई है। विद्यालय का भवन जर्जर हो चुका है और रसोईघर भी गिरने की स्थिति में पहुंच गया है। मध्याह्न भोजन के लिए खाद्यान्न सामग्री के सुरक्षित भंडारण में कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की भी समुचित व्यवस्था नहीं है।
2003-04 में बना था भवन
वर्ष 1991 में स्वीकृत इस विद्यालय का प्रारंभिक संचालन टीडीवी सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में किया गया था। बाद में वर्ष 2003-04 में 30 गुणा 40 मीटर के छोटे भूखंड पर नया भवन बनाकर इसे वर्तमान स्थान पर स्थानांतरित किया गया। बढ़ती छात्र संख्या के कारण अब उपलब्ध स्थान अपर्याप्त साबित हो रहा है।
अतिरिक्त भूमि और कक्षाओं की मांग
विद्यालय के लिए अतिरिक्त भूमि और नए कमरों की स्वीकृति के संबंध में विधायक से अनुरोध किया गया है। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जीपीजी हाईस्कूल में अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
– मंगला, क्षेत्र शिक्षा अधिकारी, हुविनहडगली
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

