पात्र लाभार्थियों तक योजनाएं नहीं पहुंचीं तो अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
एस.आर. पाटिल ब्याडगी ने दी चेतावनी
हुब्बल्ली. गारंटी योजना क्रियान्वयन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एस.आर. पाटिल बडगी ने कहा कि कर्नाटक सरकार की महत्वाकांक्षी पांच गारंटी योजनाओं को आम लोगों तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
वे हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रगति समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि युवनिधि योजना के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।
राशन कार्ड वितरण में अनियमितता की शिकायत
बैठक में गारंटी योजनाओं की क्रियान्वयन समिति के सदस्य वादिराज कुलकर्णी ने खाद्य विभाग पर अनियमित तरीके से राशन कार्ड वितरित किए जाने का आरोप लगाया। पिछले समीक्षा बैठक में भी दस्तावेजों सहित इस संबंध में शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
अधिकारियों को लगाई फटकार
इस पर एस.आर. पाटिल ब्याडगी ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पात्र लाभार्थियों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
युवनिधि योजना के प्रचार पर जोर
उन्होंने कहा कि युवाओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थी योजना से जुड़ सकें।
बैठक में नगर निगम स्तरीय समिति की सदस्य सचिव अनुराधा वस्त्रद, हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम गारंटी योजना क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष प्रकाश हलियाल, उपाध्यक्ष वीरेश कडकोलमठ, बसवराज हेब्बल्ली, अब्दुल रशीद भोलाबाई, संगमेश्वर गौरक्कनवर, आनंद मुशण्णनवर, वीरभद्रय्या हिरेहाल, मंजुनाथ मट्टी, नदीम आचमट्टी, इमरान सिद्दीकी तथा राहुल बेलदडी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
संवेदनशीलता के साथ कार्य करें
राज्य सरकार की पांच गारंटी योजनाओं को जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। पात्र लाभार्थियों की उपेक्षा करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
–एस.आर. पाटिल ब्याडगी, उपाध्यक्ष, गारंटी योजना क्रियान्वयन प्राधिकरण
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

