नारेबाजी पर भडक़े खरगे
केपीसीसी अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद के पदग्रहण समारोह में कार्यकर्ताओं को लगाई फटकार
बीच भाषण में लगे ‘डीके-डीके’ के नारे
बेंगलूरु. कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के नवनियुक्त अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद के पदग्रहण समारोह के दौरान एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पार्टी कार्यकर्ताओं की नारेबाजी पर नाराज हो गए। उन्होंने मंच से ही कार्यकर्ताओं को कड़ी फटकार लगाते हुए अनुशासन बनाए रखने की नसीहत दी।
पैलेस ग्राउंड में आयोजित समारोह के दौरान जब मल्लिकार्जुन खरगे संबोधित कर रहे थे, तभी कुछ कार्यकर्ता उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के समर्थन में ‘डीके-डीके’ के नारे लगाने लगे। इससे नाराज खरगे ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की बैठक है, किसी एक व्यक्ति की सभा नहीं।
‘यूजलेस फेलोज’ कहकर जताई नाराजगी
खरगे ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अगर एक ही व्यक्ति के नाम के नारे लगाए जाएंगे तो क्या बाकी नेता यहां झाड़ू लगाने आए हैं? यह ठीक नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और पार्टी अनुशासन का पालन करने की अपील की।
व्यक्तिपूजा नहीं, संगठन सर्वोपरि
एआईसीसी अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस में व्यक्तिपूजा की परंपरा नहीं है। अपने 58 वर्षों के राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अनेक नेता आए और गए, लेकिन पार्टी और उसकी विचारधारा सर्वोपरि रही है। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
खरगे ने चेतावनी दी कि यदि कार्यक्रमों में इस प्रकार की अव्यवस्था दोहराई गई तो वीडियो फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या, एआईसीसी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, पूर्व मुख्यमंत्री वीरप्पा मोइली, मंत्री एम.बी. पाटिल, के.जे. जॉर्ज, ईश्वर खंड्रे, सतीश जारकीहोली, प्रियांक खरगे सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

