शिकायत के बाद बढ़ा विवाद, दुकान में भी तोडफ़ोड़
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन
दावणगेरे. जिले के जगलूर तालुक के चिक्कमल्लनहोले गांव में सोमवार तडक़े अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्रयुक्त नामपट्ट पर गोबर पोतकर उसे क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पूर्व विवाद से जोडक़र देख रहे ग्रामीण
कुछ दिन पहले गांव में आयोजित मुहर्रम के दौरान पारंपरिक वाद्य बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में गांव के रंगप्पा ने कुछ युवकों के खिलाफ जगलूर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि उसी विवाद की रंजिश में कुछ अज्ञात लोगों ने डॉ. आंबेडकर के नामपट्ट को अपमानित किया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।
दुकान में तोडफ़ोड़, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद शिकायतकर्ता रंगप्पा की दुकान के शेड में भी तोडफ़ोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने से नाराज होकर यह घटना अंजाम दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा दोषियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

