कार में सोने के बिस्कुट तलाशते रहे बदमाश
मेंगलूरु हाईवे वारदात में बरामद हुई लूटी गई कार
सुनियोजित साजिश की आशंका, पुलिस जांच तेज
मेंगलूरु. मेंगलूरु के बैकमपाडी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर केरल के एक स्वर्ण व्यापारी और उसके परिवार के साथ हुई फिल्मी अंदाज की लूट की घटना में जांच के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस को संदेह है कि यह वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई थी और बदमाशों का निशाना कार में कथित रूप से छिपाकर रखे गए सोने के बिस्कुट थे।
पुलिस को लूटी गई कार बंटवाल के कल्पने क्षेत्र में लावारिस अवस्था में मिली। जांच के दौरान कार की सीटों और डिक्की की अंदरूनी परतें फटी हुई मिलीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाश कार के हर हिस्से में छिपाकर रखे गए कथित सोने के बिस्कुट तलाश रहे थे।
परिवार के गहनों को नहीं छुआ
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने व्यापारी विकास, उनकी पत्नी और बेटे के शरीर पर पहने सोने के आभूषण नहीं छीने। उन्होंने केवल कार पर कब्जा किया और उसके भीतर छिपे कीमती सामान की तलाश करते रहे। वारदात के दौरान व्यापारी को कार से बाहर निकाल दिया गया, जबकि उसकी पत्नी और बेटे को करीब दो किलोमीटर आगे छोडक़र आरोपी कार लेकर फरार हो गए।
अंदरूनी सूचना पर कार्रवाई की आशंका
पुलिस के अनुसार, व्यापारी महाराष्ट्र में एक विवाह समारोह से लौटकर केरल जा रहे थे। कार में लगभग 180 ग्राम सोने के आभूषण होने की जानकारी है, लेकिन यह भी जांच की जा रही है कि क्या स्वर्ण व्यवसायी होने के कारण वे कार में किसी गुप्त स्थान पर अधिक मात्रा में सोना ले जा रहे थे। पुलिस को संदेह है कि आरोपियों के पास व्यापारी की गतिविधियों की सटीक जानकारी थी। वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाश तीन कार में पहुंचे थे। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
