पाइपलाइन कार्य के दौरान हुआ हादसा
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जांच में जुटी पुलिस
हुब्बल्ली. शहर के देशपांडे नगर स्थित गुजरात भवन के समीप कृष्णनगर में गुरुवार दोपहर सीवर लाइन की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से एक दिहाड़ी मजदूर की दबकर मौत हो गई।
मृतक की पहचान अन्निगेरी तालुक के हल्लिकेरी गांव निवासी मल्लप्पा यल्लप्पा जोगिन (35) के तौर पर की गई है।
नगर निगम की ओर से कराए जा रहे सीवर पाइपलाइन निर्माण कार्य के तहत ठेकेदार द्वारा जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदा गया था। इसके बाद मजदूर पाइप बिछाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गड्ढे की मिट्टी भरभराकर ढह गई और मल्लप्पा उसके नीचे दब गया। सहकर्मियों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही उपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए केएमसीआरआई अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। घटना के बाद श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
