शैक्षणिक सत्र शुरू हुए एक माह बीता
1.19 लाख विद्यार्थियों को अब तक नहीं मिली सामग्री
हुब्बल्ली. धारवाड़ जिले में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुए एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को अब तक जूते और मोजे (सॉक्स) वितरित नहीं किए गए हैं। ऐसे में हजारों छात्र-छात्राएं पुराने जूते-चप्पलों या फिर नंगे पैर ही स्कूल जाने को मजबूर हैं। पिछले वर्ष भी वितरण में देरी हुई थी, जिससे इस बार भी अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
1.19 लाख विद्यार्थियों को मिलना है लाभ
जिले में 1,014 प्राथमिक और 512 माध्यमिक विद्यालयों सहित कुल 1,526 सरकारी स्कूल हैं। वर्ष 2026-27 के लिए 57,966 बालकों और 61,733 बालिकाओं समेत करीब 1.19 लाख विद्यार्थियों को एक जोड़ी जूते और दो जोड़ी मोजे उपलब्ध कराए जाने हैं। इसके लिए जिला शिक्षा विभाग ने सरकार को मांग प्रस्ताव भेज दिया है।
इस बार विभाग करेगा केंद्रीय खरीद
उणकल के एक सरकारी स्कूल की स्कूल विकास एवं निगरानी समिति (एसडीएमसी) के अध्यक्ष रंगनगौडर ने बताया कि पहले विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर अनुदान सीधे एसडीएमसी को जारी किया जाता था और समिति जूतों की खरीद करती थी। लेकिन इस बार गुणवत्ता और एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्यस्तरीय टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से जूते और मोजे खरीदकर सीधे विद्यालयों में वितरित करने का निर्णय लिया है।
सामग्री मिलते ही होगा वितरण
जिला शिक्षा विभाग के जिला योजना समन्वय अधिकारी एस.एम. हुडेदमनी ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए जूतों की मांग सूची पहले ही विभाग को भेजी जा चुकी है। सामग्री उपलब्ध होते ही सभी सरकारी स्कूलों में वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
ग्रामीण छात्रों की बढ़ी परेशानी
नवलगुंद के समाजसेवी माबुसाब यरगुप्पी ने कहा कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अनेक विद्यार्थी आज भी नंगे पैर स्कूल पहुंच रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के हित को देखते हुए शीघ्र गुणवत्ता वाले जूते और मोजे उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि उन्हें पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

