समझौता कराने पहुंचे पिता की भी चाकू मारकर हत्या, पति और ससुर हिरासत में
बल्लारी. पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर चल रहे घरेलू विवाद ने मंगलवार को बल्लारी शहर के गुग्गरहट्टी क्षेत्र में खूनी रूप ले लिया। समझौते के लिए पहुंचे महिला के पिता की भी चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान नागलक्ष्मी (24) और उसके पिता श्रीनिवास (48) के तौर पर की गई है। पुलिस ने नागलक्ष्मी के पति तेजा (29) और उसके पिता गुरुशंकर (50) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
समझौता वार्ता के दौरान हुआ खूनी हमला
पुलिस के अनुसार, तेजा अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिससे दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पारिवारिक कलह सुलझाने के उद्देश्य से श्रीनिवास मंगलवार को बेटी के ससुराल समझौता कराने पहुंचे थे।
इसी दौरान बातचीत के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में तेजा और उसके पिता ने चाकू से नागलक्ष्मी और श्रीनिवास पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच जारी
आरोपी परिवार इस्त्री (धोबी) का काम कर जीवन यापन करता है। पुलिस का मानना है कि पारिवारिक विवाद ही इस दोहरे हत्याकांड का प्रमुख कारण हो सकता है।
एपीएमसी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पत्नी के चरित्र पर संदेह को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

