मूडिगेरे क्षेत्र में बागान में काम के दौरान हुआ हादसा
चिक्कमगलूरु. जिले के मूडिगेरे तालुक के बिलगुली गांव के समीप जंगली भैंसे के हमले में 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बागान में काम करते समय किया हमला
मृतका की पहचान शीला (52) के तौर पर की गई है। वह बागान में काम कर रही थीं, तभी अचानक एक जंगली भैंसे ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान भैंसे ने उनकी गर्दन और पेट पर जोरदार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों ने शीला को तुरंत अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
वन विभाग से प्रभावी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद बिलगुली गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वन क्षेत्र से सटे इलाकों में जंगली भैंसों सहित वन्यजीवों की आवाजाही बढऩे से लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल प्रभावी सुरक्षा उपाय करने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
इस संबंध में कलसा पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

