पारदर्शिता के साथ पात्रों को मिलेगा लाभ, जरूरतमंदों को ही प्राथमिकता : सतीश सैल
सिरसी (उत्तर कन्नड़). कारवार नगर परिषद परिसर में अमृत नगरोत्थान चरण-4 योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा, तिपहिया वाहन और सिंटेक्स जल टैंक वितरित किए गए। इस अवसर पर कर्नाटक स्टेट मार्केटिंग कम्युनिकेशन एंड एडवरटाइजिंग लिमिटेड के अध्यक्ष एवं कारवार विधायक सतीश सैल ने कहा कि योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा।
1.90 करोड़ रुपए की योजना
उन्होंने कहा कि योजना के तहत 11 इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा, 14 तिपहिया वाहन तथा 965 सिंटेक्स टैंक सहित करीब 1.90 करोड़ रुपए की परिसंपत्तियां वितरित की जा रही हैं। यदि किसी लाभार्थी ने पहले इसी प्रकार की सरकारी सहायता प्राप्त की है तो उसका सत्यापन कर आवश्यक होने पर वाहन वापस लिया जाएगा।
जल संकट दूर करने की पहल
सैल ने कहा कि शहर के कई वार्डों में पेयजल संकट को देखते हुए फिलहाल टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है। स्थायी समाधान के लिए 300 पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें 965 सिंटेक्स टैंक उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे पानी का सुरक्षित भंडारण कर सकें।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
उन्होंने कहा कि कारवार में आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने के प्रयास जारी हैं। इसके लिए 400 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल की दिशा में कार्य हो रहा है। ट्रॉमा सेंटर और कैंसर बंकर की सुविधा भी विकसित की जा रही है। महिलाओं और पुरुषों में कैंसर की समय पर पहचान के लिए नि:शुल्क पैप टेस्ट और मैमोग्राफी जांच शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य गणपति डी. उलवेकर ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए आरक्षित निधि का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस अवसर पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया तथा एसएफसी योजना के तहत आशा निकेतन मूक-बधिर आवासीय विद्यालय को फर्नीचर भी वितरित किया गया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

